DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद नगर पालिका बजट बैठक में कांग्रेस का जोरदार हंगामा, बजट की प्रतियां फाड़कर जताया विरोध

“कागजी विकास नहीं चलेगा” के नारों से गूंजा परिषद सभागार

बालोद।
नगर पालिका परिषद बालोद में वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश होने के दौरान परिषद की बैठक हंगामेदार रही। नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने बजट का जोरदार विरोध करते हुए इसे “कागजी आंकड़ों का बजट” करार दिया। विरोध स्वरूप कांग्रेस पार्षदों ने बजट की प्रतियां फाड़कर हवा में उछाल दीं और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

“जनता से वादाखिलाफी बर्दाश्त नहीं”

बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि नगर विकास के नाम पर केवल बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे। पार्षदों ने कहा कि वे भी शहर के विकास के पक्षधर हैं, लेकिन जनता को सिर्फ घोषणाओं और कागजी योजनाओं से भ्रमित करना उचित नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी ने नगर पालिका अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रस्तुत बजट पूरी तरह दिखावटी है और इसमें विकास की कोई ठोस कार्ययोजना नजर नहीं आती।

पिछले बजट के वादों पर उठाए सवाल

कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि वर्ष 2025-26 के बजट में 14 प्रमुख बिंदु शामिल किए गए थे, लेकिन धरातल पर केवल अटल परिसर का कार्य ही दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि बाकी योजनाएं आज भी अधूरी हैं या सिर्फ फाइलों तक सीमित हैं, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि अब नए बजट में फिर 10 नए बिंदु जोड़कर बड़े-बड़े सपने दिखाए जा रहे हैं, जबकि शहर की सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और गरीबों से जुड़ी मूलभूत समस्याएं अब भी जस की तस बनी हुई हैं।

राशन कार्ड के मुद्दे पर भी गरजे कांग्रेस पार्षद

बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने राशन कार्ड के मुद्दे को भी जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका टैक्स जमा करने की शर्त पर राशन कार्ड बनाना पूरी तरह गलत और जनविरोधी फैसला है। राशन कार्ड गरीब और जरूरतमंद परिवारों का अधिकार है, इसे टैक्स से जोड़कर आम जनता को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि गरीबों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दे भी उठे

वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद रीता सोनी ने महिलाओं के लिए व्यायामशाला और महतारी सदन जैसी योजनाओं के अधूरे रहने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर नगर पालिका के पास कोई स्पष्ट योजना नहीं है।

वहीं वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद विनोद बंटी शर्मा ने नगर के गार्डनों और सार्वजनिक स्थलों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए खेल एवं मनोरंजन की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है।

धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि वर्ष 2026-27 का बजट भी केवल कागजों तक सीमित रहा और विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दिए, तो कांग्रेसजन धरना, प्रदर्शन और जनआंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष शहर के विकास, गरीबों के अधिकार और जनता की आवाज बुलंद करने के लिए है।

ये रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन एवं बजट बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी, उपनेता प्रतिपक्ष सुनील मलेकर, विधायक प्रतिनिधि धीरज उपाध्याय, पार्षद विनोद बंटी शर्मा, रीता सोनी, किरण साहू, सुमित शर्मा, निर्देश पटेल एवं सतीश यादव सहित कांग्रेस पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page