पर्यावरण संरक्षण और सेवा का दिया संदेश, बड़ी संख्या में युवाओं और ग्रामीणों ने निभाई सहभागिता
राजनांदगांव। “आर्ट ऑफ गिविंग” के 13वें अंतरराष्ट्रीय स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न जिलों में सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। “आर्ट ऑफ गिविंग” के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत की प्रेरणा से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग, संवेदना और प्रकृति संरक्षण की भावना को मजबूत करना रहा।
ग्राम बघेली में यह कार्यक्रम राजनांदगांव जिला समन्वयक अजय कुमार साहू के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
वृक्षारोपण और पौधा वितरण से दिया हरियाली का संदेश

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया तथा लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों ने लोगों को पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।
पक्षियों के लिए रखा गया दाना-पानी

भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पानी से भरे सकोरे भी रखे गए। साथ ही लोगों से अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करने की अपील की गई।
“प्रकृति संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता” — अजय कुमार साहू
इस अवसर पर जिला समन्वयक अजय कुमार साहू ने कहा कि “आर्ट ऑफ गिविंग” केवल वस्तुएं बांटने का अभियान नहीं, बल्कि मानवता, प्रेम, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। साथ ही गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना भी मानवता और संवेदनशीलता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की महत्ता एवं पक्षियों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
यह कार्यक्रम राज्य समन्वयक शबाना बेगम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक सूरज नागवंशी, यशवंत कुमार टंडन, देवेंद्र ठाकुर, चेतन सिन्हा, पूजा कुंभकर, नेहा साहू, फनेश्वरी साहू सहित ग्राम के लीकेश्वर साहू, संजय यादव, मोहनीश, डालेश्वर, लक्ष्मी, शशिकला एवं लावण्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभी ने “Share to Shine” थीम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं समाज सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
