DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद में अतिक्रमण के खिलाफ गरजेगी जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी

25 मई को SDM कार्यालय घेराव का ऐलान, मुख्य बाजार की सड़कों को बताया “सिकुड़ती हुई लाइफलाइन”

बालोद। बालोद शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में बढ़ते अवैध अतिक्रमण को लेकर अब आंदोलन की तैयारी शुरू हो गई है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, जिला बालोद ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए 25 मई 2026 को एसडीएम कार्यालय बालोद का घेराव करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि कई बार ज्ञापन और आवेदन देने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

मुख्य बाजार की सड़कें हुई संकरी, लोगों को हो रही परेशानी

पार्टी के जिला महासचिव डी. देशमुख ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि घड़ी चौक से सदर रोड, रामदेव चौक से मधु चौक, गंजपारा दुर्गा मंदिर से सदर रोड मार्ग सहित मुख्य बाजार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध अतिक्रमण किया गया है। उनका आरोप है कि पहले जिन सड़कों की चौड़ाई 20 से 30 मीटर तक थी, वे अब कई स्थानों पर घटकर मात्र 5 से 10 मीटर रह गई हैं। इससे आम जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कई बार सौंपे गए ज्ञापन, फिर भी कार्रवाई नहीं

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अनुसार, इस संबंध में 17 अप्रैल 2026 को नगर पालिका परिषद बालोद को आवेदन दिया गया था। इसके बाद 26 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री के नाम भी ज्ञापन सौंपा गया। पार्टी का दावा है कि मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी भेजे गए, लेकिन उसके बाद भी प्रशासन द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया।

अटल जी की प्रतिमा के पास होगी सभा

पार्टी ने बताया कि 25 मई को एसडीएम कार्यालय घेराव से पहले जय स्तंभ चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के पास सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद कार्यकर्ता और आम नागरिक रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचेंगे।

“जनता को राहत मिले, अतिक्रमण हटे”

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों से अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, ताकि आम लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।

You cannot copy content of this page