DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

धमतरी पुलिस का सराहनीय अभियान : 151 गुम मोबाइल लौटाकर लौटाई लोगों के चेहरों पर मुस्कान

अब तक 670 से अधिक मोबाइल किए जा चुके हैं सुपुर्द, ओड़िशा और मध्यप्रदेश तक ट्रेस हुए मोबाइल

धमतरी, 22 मई 2026।

धमतरी पुलिस द्वारा संचालित “गुम मोबाइल वापसी अभियान” के तहत आज पुलिस लाईन रूद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में विशेष मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत जिलेभर से गुम हुए 151 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए। कार्यक्रम में महापौर जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर अविनाश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

धमतरी पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी सहायता से न केवल जिले बल्कि ओड़िशा एवं मध्यप्रदेश में उपयोग किए जा रहे मोबाइल फोन को भी ट्रेस कर रिकवर किया। पुलिस की इस मेहनत से मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी लौट आई।


670 से अधिक मोबाइल लौटाकर बनाया विश्वास का माहौल

धमतरी police द्वारा पूर्व में भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए नवरात्रि में 108 मोबाइल सहित अब तक कुल 670 से अधिक गुम मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। इस अभियान ने आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और संतोष का वातावरण मजबूत किया है।

मोबाइल प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने भावुक होकर धमतरी पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया। ग्राम रावां निवासी सीताराम गजेन्द्र ने बताया कि कुर्रा बाजार में प्याज खरीदते समय उनका मोबाइल जेब से गायब हो गया था और उन्होंने उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन धमतरी पुलिस की मेहनत से मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस का धन्यवाद किया।

इसी प्रकार रायपुर से आए हितग्राही कल्पेश ने भी कहा कि मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी, लेकिन धमतरी पुलिस की इस पहल ने उन्हें बड़ी राहत दी।


मोबाइल आज जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा : एसपी सूरज सिंह परिहार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने दो दिन पूर्व गश्त ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए प्रधान आरक्षक स्वर्गीय विजय बैरागी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल फोन प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है और उसके गुम होने की पीड़ा को वे स्वयं भी समझते हैं। इसी संवेदनशीलता के साथ धमतरी पुलिस लगातार आमजन को राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है।


महापौर और कलेक्टर ने की पुलिस टीम की सराहना

महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस लगातार जनहितकारी और विश्वास बढ़ाने वाले कार्य कर रही है। अपराधों में कमी और नशे के विरुद्ध चल रही कार्रवाई भी सराहनीय है। वर्षों पुराने गुम मोबाइल वापस मिलना नागरिकों के लिए बड़ी राहत और खुशी की बात है।

कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि आधुनिक तकनीक, साइबर ट्रैकिंग और बेहतर टीमवर्क के माध्यम से गुम मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाना अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी कार्य है। उन्होंने पूरी पुलिस टीम को बधाई दी।


कार्यक्रम में रहे उपस्थित

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मोबाइल हितग्राही उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page