
गायत्री परिवार के एक दिवसीय शिविर में युवाओं को मिला अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का संदेश
बालोद। अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ, जिला बालोद द्वारा ग्राम चारवाही स्थित कर्मा भवन में आयोजित एक दिवसीय युवा व्यक्तित्व निर्माण शिविर उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निःशुल्क आयोजित इस शिविर का उद्देश्य युवाओं में चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करना था।
ग्रामीण युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

शिविर में ग्राम निपानी, बोरी, बिरेत्रा, भेंगारी और चारवाही सहित आसपास के गांवों से लगभग 40 युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान युवाओं में सीखने और आत्मविकास को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
विशेषज्ञों ने बताए सफलता और सकारात्मक जीवन के मंत्र

शिविर में प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन, अनुशासन, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षकों ने युवाओं को बताया कि मजबूत चरित्र और सकारात्मक सोच ही जीवन में सफलता की असली कुंजी है।
ब्लॉक स्तरीय आवासीय शिविर के लिए हुआ पंजीयन

आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आगामी 27 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित होने वाले ब्लॉक स्तरीय आवासीय युवा शिविर की जानकारी युवाओं तक पहुंचाना और अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन कराना था। इस दौरान कई युवक-युवतियों ने आगामी शिविर में भाग लेने के लिए उत्साहपूर्वक अपना पंजीयन कराया।
युवाओं को दिया गया प्रेरक संदेश
कार्यक्रम में युवाओं को प्रेरित करते हुए संदेश दिया गया—
“स्वस्थ युवा – सबल राष्ट्र,
स्वावलंबी युवा – सम्पन्न राष्ट्र,
शालीन युवा – श्रेष्ठ राष्ट्र एवं
सेवाभावी युवा – सुखी राष्ट्र।”
इन कार्यकर्ताओं की रही महत्वपूर्ण भूमिका
शिविर के सफल आयोजन में श्री लोचन साहू, श्री राजेंद्र सिन्हा, श्री त्रिलोक साहू, श्री मोहन साहू, श्री मुकेश साहू, श्री हुकुमचंद साहू, श्री धर्मवीर साहू, श्री योगेश्वर साहू, श्री खेमन साहू, श्री विनोद साहू, श्रीमती कांति साव तथा प्रज्ञा महिला मंडल के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
ग्राम चारवाही की सरपंच श्रीमती दीपमालिका साहू भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं को प्रेरक संदेश देते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भविष्य में भी होंगे ऐसे आयोजन
आयोजकों ने बताया कि युवाओं के सर्वांगीण विकास और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के व्यक्तित्व निर्माण शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।
