गायत्री शक्तिपीठ में युवाओं को मिलेगा व्यक्तित्व निर्माण, योग, ध्यान और नेतृत्व प्रशिक्षण
बालोद, 20 मई 2026। गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ बालोद के तत्वावधान में भारत ब्लॉक स्थित के गायत्री शक्तिपीठ में 27 मई से 31 मई 2026 तक पांच दिवसीय निःशुल्क आवासीय युवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जिलेभर के 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
युवाओं के सर्वांगीण विकास पर रहेगा विशेष फोकस
गायत्री शक्तिपीठ के जिला संयोजक ने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं का व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक एवं आध्यात्मिक उत्थान तथा राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है। शिविर में भाग लेने वाले युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली, अनुशासन और समाज सेवा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
योग, ध्यान और तनाव प्रबंधन का मिलेगा प्रशिक्षण
पांच दिवसीय शिविर में योग, प्राणायाम, ध्यान एवं गायत्री साधना के साथ-साथ नशा मुक्ति, चरित्र निर्माण, स्वावलंबन, नेतृत्व क्षमता विकास और समाज सेवा जैसे विषयों पर अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए एकाग्रता बढ़ाने, स्मरण शक्ति विकसित करने एवं तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिए जाएंगे।
निःशुल्क रहेगी आवास और भोजन व्यवस्था
आयोजकों ने बताया कि शिविर पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन एवं प्रशिक्षण की संपूर्ण व्यवस्था गायत्री परिवार द्वारा की जाएगी।
26 मई तक करा सकते हैं पंजीयन
युवा प्रकोष्ठ बालोद के मुकेश साहू ने जानकारी दी कि इच्छुक युवक-युवतियां 26 मई तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 8839191440 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिले के युवाओं से सहभागिता की अपील
गायत्री परिवार ने जिले के सभी युवाओं से इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जीवनोपयोगी प्रशिक्षण का लाभ लेने की अपील की है।
तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता
गायत्री शक्तिपीठ बालोद में आयोजित होने वाले युवा शिविर को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
