DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ट्रेनों में बढ़ती भीड़ से यात्री परेशान, अतिरिक्त कोच और सुबह 12 कोच रैक चलाने की उठी मांग

गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और छात्र सबसे ज्यादा प्रभावित, यात्रियों ने रेलवे से की व्यवस्था सुधारने की अपील

दल्लीराजहरा/बालोद। गर्मी की छुट्टियों, दैनिक आवागमन और बढ़ती यात्री संख्या के चलते दल्लीराजहरा-रायपुर रेलखंड में ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर सुबह और शाम चलने वाली पैसेंजर एवं मेमू ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। भीड़ इतनी अधिक है कि कई यात्रियों को ट्रेन के गेट और पायदान पर लटककर यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

सुबह वाली ट्रेन में सबसे ज्यादा भीड़

यात्रियों का कहना है कि सुबह करीब 3:25 बजे दल्लीराजहरा से रायपुर की ओर जाने वाली ट्रेन में अत्यधिक भीड़ रहती है। बालोद के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है, जहां ट्रेन में चढ़ना तक मुश्किल हो जाता है। यात्रियों ने मांग की है कि हाल ही में 8 कोच से बढ़ाकर 12 कोच किया गया रैक ताड़ोकी-रायपुर ट्रेन में लगाने के बजाय सुबह चलने वाली भीड़भाड़ वाली ट्रेन में लगाया जाए, ताकि हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिल सके।

“12 कोच सुबह चलेंगे तो दिनभर मिलेगा फायदा”

यात्रियों ने सुझाव दिया कि यदि यही 12 कोच वाला रैक सुबह दल्लीराजहरा से चलाया जाए, तो दिनभर उसी रैक का उपयोग विभिन्न ट्रेनों में किया जा सकेगा और यात्रियों की भीड़ काफी हद तक नियंत्रित हो जाएगी। यात्रियों का कहना है कि शाम 4:50 बजे दुर्ग से दल्लीराजहरा आने वाली पैसेंजर ट्रेन में भी भारी भीड़ रहती है।

आशीष गुप्ता ने उठाई आवाज

नगर पंचायत चिखलाकसा वार्ड क्रमांक 10 निवासी भाजपा कार्यकर्ता आशीष गुप्ता ने रेल प्रशासन से ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अनारक्षित डिब्बों में यात्रियों की स्थिति बेहद खराब है। भीड़ के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

“गर्भवती महिलाएं और बुजुर्ग खड़े होकर सफर करने मजबूर”

आशीष गुप्ता ने कहा कि कई बार गर्भवती महिलाएं और बुजुर्ग यात्रियों को भी सीट नहीं मिल पाती और उन्हें घंटों खड़े होकर सफर करना पड़ता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से तत्काल अतिरिक्त बोगियां जोड़ने और भीड़ वाले समय में विशेष व्यवस्था करने की मांग की।

नशे की समस्या पर भी जताई चिंता

आशीष गुप्ता ने कहा कि यदि अवसर मिला तो वे देश के प्रधानमंत्री से मुलाकात कर रेलवे समस्याओं के साथ-साथ देश में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर भी चर्चा करेंगे।

यात्रियों की मांग

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि:

  • भीड़ वाले समय में अतिरिक्त कोच जोड़े जाएं
  • सुबह और शाम की ट्रेनों में विशेष निगरानी रखी जाए
  • दैनिक यात्रियों, छात्रों और महिलाओं की सुविधा के लिए व्यवस्था मजबूत की जाए
  • प्लेटफॉर्म और ट्रेन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए

यात्रियों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

You cannot copy content of this page