बालोद में स्कूल सफाई कर्मचारियों की मांग तेज: “सिर्फ सुबह 2 घंटे काम लिया जाए, बकाया भुगतान भी मिले”



बालोद। छत्तीसगढ़ अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ ने बालोद जिले में भी दुर्ग, बिलासपुर और धमतरी जिले की तर्ज पर केवल सुबह 2 घंटे कार्य व्यवस्था लागू करने की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कई महत्वपूर्ण मांगों पर ध्यान आकृष्ट कराया है।

सफाई कर्मचारियों ने बताया अपनी परेशानी

संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कुमार कलिहारी ने बताया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलमंड में कार्यरत सफाई कर्मचारी गंभीर साहू वर्ष 2011 से लगातार सेवा दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें बेहद कम मानदेय में काम करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सफाई कर्मचारियों से केवल 2 घंटे कार्य लिया जाना चाहिए, लेकिन कई जगहों पर कर्मचारियों से अतिरिक्त काम कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी बालोद द्वारा आदेश जारी कर सफाई कर्मचारियों से सुबह 2 घंटे और शाम 2 घंटे कार्य लेने की व्यवस्था बनाई गई थी, लेकिन भुगतान केवल 2 घंटे का ही किया गया। शेष समय का भुगतान अब तक लंबित है।

“कम मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल”

सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान मानदेय इतना कम है कि परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। इसी कारण उन्हें अन्य स्थानों पर भी मजदूरी या काम करना पड़ता है, लेकिन स्कूलों में शाम को ताला बंद कराने जैसी जिम्मेदारियां भी उन पर डाली जाती हैं, जिससे अतिरिक्त रोजगार करना संभव नहीं हो पाता।

सफाई कर्मचारी गंभीर साहू ने कहा कि प्राचार्य अपनी जिम्मेदारियों के कारण कर्मचारियों से अतिरिक्त कार्य कराते हैं, जिससे वे दूसरे रोजगार नहीं कर पाते और आर्थिक संकट बढ़ता जा रहा है।

वहीं कर्मचारी संतोष साहू ने कहा कि यदि केवल सुबह 2 घंटे कार्य लिया जाए तो कर्मचारी अन्य काम कर अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर सकते हैं।

संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कलिहारी ने कहा कि यदि जल्द ही शासन एवं प्रशासन द्वारा लंबित भुगतान और कार्य अवधि संबंधी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और लगातार उपेक्षा के कारण नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे कर्मचारी

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला मीडिया प्रभारी रुपेश कुमार सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कुमार कलिहारी, संतोष साहू, गंभीर साहू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page