DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगतरा के कुएं में मिला तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग रेस्क्यू में जुटा,देखिए मौके की वीडियो

पानी से भरे कुएं में घंटों संघर्ष करता रहा तेंदुआ, देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

बालोद। बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जगतरा में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के कुएं में तेंदुआ दिखाई दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया, वहीं तेंदुए को देखने लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम जगतरा निवासी किसान रामकुमार ठाकुर के खेत स्थित कुएं में तेंदुआ मिला। बताया जा रहा है कि यह घटना रात के समय हुई, जिसकी जानकारी शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को मिली।

पाइप पकड़कर बचने की कोशिश करता रहा तेंदुआ

ग्रामीणों ने बताया कि कुएं में काफी पानी भरा हुआ है। तेंदुआ अपनी जान बचाने के लिए लगातार तैरता रहा और एक पाइप को मुंह से दबाकर खुद को संभालने की कोशिश करता नजर आया। यह दृश्य देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए।

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग बालोद की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। अधिकारियों द्वारा तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।

ग्रामीण मंगल मंडावी ने बताया कि इस क्षेत्र में पहली बार तेंदुआ दिखाई दिया है। हालांकि भालू अक्सर गांव के आसपास नजर आते रहते हैं। तेंदुआ बस्ती से लगभग 800 मीटर दूर तालाब के पास स्थित खेत के कुएं में मिला है।

भोजन और पानी की तलाश में पहुंचने की आशंका

ग्रामीणों का अनुमान है कि तेंदुआ भोजन और पानी की तलाश में इस इलाके तक पहुंचा होगा। फिलहाल गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।

You cannot copy content of this page