DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

चोरी के बाद भी नहीं डिगी आस्था: कमरौद हनुमान मंदिर में श्रद्धालु ने चढ़ाया नया चांदी का मुकुट

बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमरौद स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में पिछले महीने हुई चोरी के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। अज्ञात चोर मंदिर से चांदी के जेवर, मुकुट और अन्य आभूषण चोरी कर ले गए थे। इससे पहले भी यहां चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन दो बार चोरी होने के बावजूद अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है।

चोरी के बाद भी नहीं मिला मुख्य जेवर

जानकारी के अनुसार, पिछली चोरी के दौरान कुछ आभूषण मंदिर से कुछ दूरी पर पैरावट में मिले थे, लेकिन मुख्य चांदी का मुकुट और अन्य कीमती सामान अब तक बरामद नहीं हो पाए हैं। वहीं चोरों का भी कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।

श्रद्धा बनी अटूट, आगे आए श्रद्धालु

घटना के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। इसी कड़ी में गुंडरदेही के एक ज्वेलर्स द्वारा भगवान हनुमान के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए नया चांदी का मुकुट दान किया गया।

विधि-विधान से हुआ मुकुट स्थापित

दान किए गए चांदी के मुकुट को विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ हनुमान जी के सिर पर स्थापित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरे वातावरण में भक्ति का माहौल बना रहा।

सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस प्रशासन को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

You cannot copy content of this page