DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन

महादेव भवन बालोद में प्रेरणादायी कार्यक्रम, समाज के विभिन्न वर्गों की रही सहभागिता

बालोद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में बालोद नगर के महादेव भवन में एक भव्य, प्रेरणादायी एवं विचारोत्तेजक प्रमुख जन गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति एवं स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्ण और गरिमामयी उपस्थिति रही। 🇮🇳✨


दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख सुनील भाई कुलकर्णी के आतिथ्य में भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रारंभ में संघ के जिला कार्यवाह संतोष जी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया और कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी।


संगठन, संस्कार और सेवा से राष्ट्र जागरण — सुनील कुलकर्णी

मुख्य वक्ता सुनील भाई कुलकर्णी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विगत लगभग 100 वर्षों से समाज में व्यापक दृष्टिकोण के निर्माण का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन, संस्कार और सेवा के माध्यम से संघ देश के प्रत्येक क्षेत्र में राष्ट्र जागरण का कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सशक्त, संगठित एवं संस्कारित समाज ही समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र की आधारशिला होता है। संघ स्वयंसेवकों में कर्तव्य जागरण की भावना विकसित करता है, जिससे वे स्वप्रेरणा से समाज कल्याण एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।


सज्जन शक्तियों से राष्ट्र प्रथम के कार्य में जुड़ने का आह्वान

सुनील भाई कुलकर्णी ने उपस्थित सज्जन शक्तियों से समाज में व्याप्त गलत विमर्श को बदलने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से अपनी रुचि के अनुसार संघ के विभिन्न संगठनों से जुड़कर राष्ट्र प्रथम की भावना को आगे बढ़ाने की अपील की।


इन पदाधिकारियों की रही विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम में विभाग संघचालक राजेश ताम्रकार (राजनांदगांव), जिला संघचालक राजेन्द्र राठी तथा विभाग बौद्धिक प्रमुख रुपेन्द्र सिन्हा की विशेष उपस्थिति रही।


वंदेमातरम् के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में संतोष दुबे द्वारा आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। 🇮🇳

You cannot copy content of this page