DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कनेरी में शुरू हुआ दिव्य संत समागम: अधिक मास महा-महोत्सव में उमड़े श्रद्धालु, 9 दिनों तक भक्ति में डूबेगा पूरा क्षेत्र

देशभर के संत-महात्माओं का होगा आगमन, धार्मिक आयोजनों से गूंजेगा कनेरी धाम

बालोद। गुरुर ब्लॉक के ग्राम कनेरी में 18 मई से 26 मई 2026 तक आयोजित होने वाले अधिक (पुरुषोत्तम) मास महा-महोत्सव का शुभारंभ भक्तिमय वातावरण में हो गया है। श्री संकटमोचन हनुमान जी (वैष्णव परिवार मंदिर) के तत्वावधान में आयोजित इस नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव में देशभर के प्रसिद्ध संत-महात्माओं का आगमन हो रहा है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

मंदिर परिसर में गूंज रहे वैदिक मंत्र और रामायण पाठ

मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन श्रीमद् वाल्मिकी रामायण मूल पाठ, श्रीमद् भागवत मूल पाठ, श्री विष्णुसहस्रनाम 108 पाठ तथा श्रीराम रक्षास्तोत्र 1100 पाठ किए जा रहे हैं। वहीं प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक रुद्राभिषेक एवं श्री शालिग्राम जी का तुलसी अर्चन भी श्रद्धापूर्वक संपन्न हो रहा है।

हनुमत चरित्र कथा और संगीतमय मानस पाठ बना आकर्षण

बाजार चौक स्थित मुख्य मंच पर प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक श्रीरामचरितमानस नवाह पारायण संगीतमय सामूहिक पाठ हो रहा है। इसके बाद परमपूज्य श्री अभयराम दास महाराज, गोकुल वृंदावन द्वारा हनुमत चरित्र कथा सत्संग का रसपान कराया जा रहा है।

संत समागम में देशभर से पहुंच रहे संत

आयोजन समिति के अनुसार अयोध्या, वृंदावन, चित्रकूट, प्रयागराज, काशी, हरिद्वार, जगन्नाथपुरी, द्वारिका, बद्रीनाथ, इंदौर, ललितपुर, बक्सर, सीतामढ़ी सहित देश के अनेक तीर्थ स्थलों से संत-महात्माओं का आगमन सुनिश्चित हुआ है।

विशेष रूप से जगद्गुरु द्वाराचार्य नाभापीठाधीश्वर परमपूज्य श्री सुतीक्षणदास जी महाराज (वृंदावन धाम) सहित कई प्रमुख संत महोत्सव में शामिल हो रहे हैं।

24 से 26 मई तक होगा भव्य सीताराम विवाह महोत्सव

महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण मिथिला जनकपुर शैली में आयोजित श्री सीताराम विवाह महोत्सव रहेगा।
24 मई को मटकोर विधान, कमला पूजन और हल्दी चढ़ावन कार्यक्रम होंगे।
25 मई को दोपहर 3 बजे भव्य श्रीराम बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा रात्रि 7 बजे से विवाह महोत्सव संपन्न होगा।
26 मई को दोपहर 12 बजे रामजी कलेवा एवं छप्पनभोग प्रसाद वितरण किया जाएगा।

धमतरी में भी होगा विशाल संत सम्मेलन

26 मई को शाम 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्री अग्रसेन भवन धमतरी में विशाल संत सम्मेलन एवं संत समागम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

नौ दिनों तक चलेगा अखंड संकीर्तन और भंडारा

पूरे आयोजन के दौरान नौ दिवसीय श्री सीताराम नाम अखंड संकीर्तन एवं प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4:30 बजे तक विशाल भंडारा प्रसाद का आयोजन किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं से की गई अधिक से अधिक शामिल होने की अपील

आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस दिव्य आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने और अपने जीवन को धन्य बनाने की अपील की है।

You cannot copy content of this page