DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शताब्दी वर्ष में अनुयाज अभियान से गुरुदेव के विचार घर-घर पहुंचाने का संकल्प

बालोद। गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष के अवसर पर शनिवार को गायत्री शक्तिपीठ बालोद में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के उपजोन समन्वयक के.पी. सिंह अपनी टीम के साथ बालोद पहुंचे। उन्होंने बताया कि शांतिकुंज हरिद्वार की गुरु माता भगवती देवी शर्मा के 100 वर्ष पूर्ण होने तथा वर्ष 1926 में प्रज्वलित अखंड दीप के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्व स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

के.पी. सिंह ने कहा कि शताब्दी वर्ष में अनुयाज अभियान गुरुदेव के साहित्य और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसके तहत अधिक से अधिक गांवों में जाकर सामाजिक कुरीतियों, नशापान और अशिक्षा के उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही नारी जागरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवा, वृक्षारोपण और सकारात्मक विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए गांवों में युवाओं की टीम का गठन आवश्यक बताया गया।

उन्होंने बताया कि बालोद गायत्री परिवार ट्रस्ट का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है, इसलिए नए ट्रस्ट के गठन का प्रस्ताव हरिद्वार भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान के.पी. सिंह के साथ आए अतिथियों का गायत्री परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चार के साथ गुलाल लगाकर स्वागत किया।

रविवार को भी गायत्री शक्तिपीठ में बैठक आयोजित की गई, जिसमें बालोद ब्लॉक के लिए ब्लॉक समन्वयक और ब्लॉक पदाधिकारियों का गठन किया गया। लोचन राम साहू को पुनः ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया, जबकि मानसिंह साहू को ब्लॉक सह-समन्वयक प्रभारी नियुक्त किया गया।

ब्लॉक समिति में त्रिलोक सिंह साहू (कार्यालय प्रभारी), रामभरोसा ठाकुर (आंदोलन संयोजक), टी.आर. साहू (लेखानुदान), शिव कलिहारी (कार्यक्रम प्रशिक्षण संयोजक), कमल साव (ट्रस्टी प्रतिनिधि), युगल किशोर साहू (भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा), मोहन साहू (रचनात्मक आंदोलन), आर.पी. यादव (मीडिया सूचना संचार), श्रीमती शांति साहू (नारी जागृति अभियान) तथा मुकेश साहू (युवा दिया जागृति अभियान) को जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान 24 हजार मंत्रों का अनुष्ठान किया जाएगा, जिसमें हेमवती सिहारे, युगल किशोर साहू, सत्यभामा साहू, टी.आर. साहू, शांति साहू, लोचन साहू, श्रीमती लोचन साहू, मोहन साहू, वीरेंद्र राणा, मोना और त्रिलोक साहू सहित अन्य श्रद्धालु शामिल होंगे।

नवरात्रि के दौरान 19 मार्च को देव स्थापना एवं ज्योति जागरण तथा 27 मार्च को 5 कुंडीय यज्ञ, पूर्णाहुति, गोष्ठी और भोजन प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा विश्व महिला दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।

You cannot copy content of this page