DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद जिला न्यायालय में बम की धमकी अफवाह निकली, तीन घंटे बाद हालात सामान्य

ई-मेल से मिली थी धमकी, जांच में नहीं मिला कोई बम; अज्ञात के खिलाफ एफआईआर की तैयारी

बालोद। बालोद जिला न्यायालय को सोमवार को मिली बम से उड़ाने की धमकी आखिरकार अफवाह साबित हुई। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बम स्क्वायड और पुलिस टीम को न्यायालय परिसर में किसी भी प्रकार का बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने की पुष्टि की, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार सोमवार को जिला न्यायालय को ई-मेल के माध्यम से धमकी मिली थी। मेल में लिखा गया था कि ड्रोन के जरिए बालोद कोर्ट परिसर में बम छिपाया गया है और उसे उड़ाने की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत सक्रिय हो गया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया। न्यायालय में मौजूद न्यायाधीशों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को बाहर निकालकर परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर के साथ आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की गई। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

एएसपी मोनिका ठाकुर ने डेली बालोद न्यूज़ से चर्चा में बताया कि जांच में ऐसी कोई वस्तु नहीं पाई गई है और ना ही कोई बम मिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बम की धमकी की बात अफवाह निकली है। साथ ही उन्होंने बताया कि ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के बारे में पता लगाया जा रहा है।

देखिए वीडियो पुलिस प्रशासन ने क्या कहा?

इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बालोद थाना में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है और पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

You cannot copy content of this page