DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के लिए बालोद के यशवंत टंडन का चयन

अर्जुन्दा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा प्रायोजित माय भारत के अंतर्गत आयोजित अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान एवं विनिमय कार्यक्रम के लिए बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड के अर्जुन्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम डुड़िया निवासी यशवंत कुमार टंडन (पिता: हूबलाल टंडन) का चयन किया गया है। वे मुंबई में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भाग लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश और बालोद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह कार्यक्रम 12 मार्च से 16 मार्च तक मुंबई में आयोजित होगा। यशवंत टंडन वर्तमान में शैलदेवी महाविद्यालय अंडा (दुर्ग) में समाजकार्य विभाग के एमएसडब्ल्यू द्वितीय सेमेस्टर के छात्र हैं और माय भारत वालंटियर के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

यह कार्यक्रम देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करता है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, आपसी समझ, नेतृत्व क्षमता तथा विभिन्न संस्कृतियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

यशवंत टंडन के चयन से बालोद जिले के युवाओं में उत्साह का माहौल है। जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और युवाओं ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

मुंबई में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य के युवा प्रतिनिधि अपने प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक अनुभवों को साझा करेंगे। इस अवसर पर यशवंत टंडन छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेंगे।

बालोद जिले के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां के एक युवा को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला है। जिलेवासियों ने आशा व्यक्त की है कि यशवंत टंडन इस मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

You cannot copy content of this page