तीन बार इंटरव्यू, चौथी बार सफलता — चिल्हाटी खुर्द की अंजू बनीं सिविल जज
सपनों को दी उड़ान, सिविल जज बनकर लौटी अंजू का ऐतिहासिक स्वागत
बालोद। ग्राम चिल्हाटी खुर्द की बिटिया अंजू पाथरे के सिविल जज के पद पर चयनित होने पर पूरे गांव में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गृह ग्राम पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान रैली गाजे-बाजे के साथ अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा आयोजित किया गया।
गांव में रैली जैसे ही उनके घर के पास पहुंची, ग्रामीणों ने आरती उतारकर, फूल-मालाओं, गुलदस्तों और पुष्प वर्षा से उनका आत्मीय स्वागत किया। अंजू की इस ऐतिहासिक सफलता पर माता-पिता एवं परिवारजनों ने उन्हें देशी घी से बने लड्डुओं से तौलकर लोगों का मुंह मीठा करवाया। यह दृश्य पूरे गांव के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बन गया।
युवाओं को किया प्रेरित
अंजू पाथरे ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं परिवार को दिया। उन्होंने अपने संघर्षों का जिक्र करते हुए बताया कि वे तीन बार इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन हार नहीं मानी। दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने सिविल जज के पद पर सफलता अर्जित की।
उन्होंने उपस्थित युवाओं को कठिन परिश्रम और धैर्य के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया तथा यथासंभव मार्गदर्शन और सहयोग का आश्वासन भी दिया।
परिवार की भूमिका
अंजू के पिता श्री हीरावत पाथरे पुलिस विभाग में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर दंतेवाड़ा में पदस्थ हैं। उनकी बड़ी बहन योगिता कोरर भानुप्रतापपुर में नायब तहसीलदार के रूप में कार्यरत हैं। माता श्रीमती अनिता पाथरे गृहिणी हैं, जिनका विशेष सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा अंजू की तैयारी में महत्वपूर्ण रही।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
सम्मान एवं शोभा रैली में जनपद उपाध्यक्ष श्री जयलाल मालेकर, सरपंच श्री किशोर साहू, सुमेंद्र देशमुख (बीजेपी प्रतिनिधि), डौंडीलोहारा टीआई श्री मुकेश सिंह एवं उनकी टीम उपस्थित रही। साथ ही अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्री अजीत राम मंडलोई (वरिष्ठ व्याख्याता), सचिव अंकालू भारती (प्रधान पाठक), रामनाथ चंदेल (प्रधान आरक्षक), प्रकाश चंदेल (राजस्व अधिकारी), सुखचैन मंडलोई (प्रधान पाठक), डोमेंद्र चंदेल (प्रधान आरक्षक), सुरेंद्र मंडलोई (शिक्षक) सहित ग्राम प्रमुख चेतन राणा, ललित पाथरे, खेमलाल पाथरे, कुमार राणा एवं अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्राम चिल्हाटी खुर्द की इस बेटी की उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
