DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

25 लाख किसानों के खातों में 10,000 करोड़ का ऐतिहासिक भुगतान

प्रदेश में उत्साह और खुशहाली का माहौल – चेमन देशमुख

बालोद। भाजपा कार्यालय, जुंगेरा (बालोद) में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10,000 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित कर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा घोषणाओं की नहीं, बल्कि परिणामों की राजनीति करती है और यह निर्णय उसी का प्रमाण है।

देशमुख ने कहा कि साय सरकार ने किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना बिचौलियों और बिना किसी देरी के सीधे किसानों के खातों में राशि पहुंचाई है, जो सुशासन का वास्तविक स्वरूप है। उन्होंने इसे किसानों के लिए “होली और दिवाली जैसा उत्सव” बताया और कहा कि पूरे प्रदेश में उत्साह, विश्वास और गर्व का वातावरण है।

जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव एवं सौरभ लूनिया ने प्रदेश के वित्त मंत्री की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मजबूत वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी प्रबंधन के कारण इतनी बड़ी राशि का त्वरित भुगतान संभव हो पाया है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग किसानों के नाम पर केवल राजनीति करते थे, वे आज इस निर्णय से निरुत्तर हैं। साय सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि किसान सम्मान भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस निर्णयों और प्रभावी क्रियान्वयन से मिलता है।

नेताओं ने बताया कि प्रदेश के जिला एवं जनपद मुख्यालयों में किसानों की उपस्थिति में समारोहपूर्वक राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बालोद जिले के लगभग 1 लाख 48 हजार किसानों के खातों में 511 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है।

अंत में भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार किसान, युवा और गांव के सशक्तिकरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page