दल्लीराजहरा के उपडाकपाल जयप्रकाश जायसवाल दिल्ली में सम्मानित



केंद्रीय संचार मंत्री ने सराहा छत्तीसगढ़ का सेवा मॉडल

दल्लीराजहरा। नई दिल्ली स्थित संचार भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डाक विभाग की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए दल्लीराजहरा (छत्तीसगढ़) के उपडाकपाल जयप्रकाश जायसवाल को सम्मानित किया।

जयप्रकाश जायसवाल अपने कार्यक्षेत्र में मृदुभाषी एवं संवेदनशील अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने भारतीय डाक के माध्यम से सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा एवं डिजिटल बैंकिंग जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनकी सक्रियता, कर्मठता और सेवा भावना को देखते हुए उन्हें देशभर के चुनिंदा उत्कृष्ट कर्मचारियों के साथ इस सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया।

समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण सुझाव

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विभाग की प्रगति और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। जयप्रकाश जायसवाल ने छत्तीसगढ़ के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में डाक सेवाओं के विस्तार, तकनीकी उन्नयन और डिजिटल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में डाक महानिदेशक, सचिव (भारतीय डाक) सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं देशभर से आए कर्मचारी उपस्थित थे।

इस उपलब्धि से दल्लीराजहरा एवं संपूर्ण छत्तीसगढ़ के डाक परिवार में हर्ष का वातावरण है। उनकी सफलता ने यह सिद्ध किया है कि निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ किया गया कार्य ही वास्तविक सम्मान का मार्ग प्रशस्त करता है।

You cannot copy content of this page