DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

81 करोड़ की लागत से 17 किमी दल्लीराजहरा बाईपास को मंजूरी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बड़ी सौगात – युवराज लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम

डोंडी लोहारा। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में 81 करोड़ रुपये की लागत से 17 किलोमीटर लंबी दल्लीराजहरा बाईपास सड़क को मंजूरी दी गई है। इस पर डोंडी लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष युवराज लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख के प्रति आभार व्यक्त किया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष टेकाम ने बताया कि इस बाईपास सड़क के निर्माण से नगरवासियों को भारी वाहनों की आवाजाही से होने वाली परेशानियों एवं दुर्घटनाओं से राहत मिलेगी। दल्लीराजहरा होकर प्रतिदिन गुजरने वाले 10 एवं 16 चक्के वाले सैकड़ों भारी वाहनों के कारण जाम और प्रदूषण की समस्या बनी रहती थी, जिससे आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस परियोजना के अंतर्गत 17 किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। कुल 81 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में लगभग 10 प्रतिशत बीएसपी भूमि, 7 प्रतिशत वन भूमि एवं 10 प्रतिशत भू-अर्जन क्षेत्र शामिल है। लोक निर्माण विभाग द्वारा पूर्व में सर्वेक्षण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

प्रस्तावित बाईपास सड़क दल्ली राजहरा और गोटूल मुंडा के बीच मुख्य मार्ग के समीप ग्राम चिखली जाने वाले मार्ग से प्रारंभ होकर चिखली, जमरूआ, साल्हे होते हुए ग्राम गुजरा के पास दल्ली-बालोद मुख्य मार्ग से जुड़ेगी।

युवराज लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम ने कहा कि यह नगरवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से लगातार निवेदन किया था कि नगर की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाईपास निर्माण को शीघ्र प्रारंभ किया जाए। मुख्यमंत्री द्वारा इसे बजट में शामिल कर बड़ी सौगात दी गई है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से दुर्घटनाओं में कमी आएगी, जाम की समस्या दूर होगी तथा धूल एवं प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। अंत में उन्होंने पुनः प्रदेश सरकार एवं वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page