DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

झपकी लगने से 18 चक्का ट्राला दुकान में घुसा, बच्चों की मौजूदगी से बढ़ सकती थी त्रासदी

पथराटोला में बड़ा हादसा टला

दल्लीराजहरा। आज सुबह करीब 7:00 बजे पथराटोला में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सीजी 22 एक्स 5339 नंबर का 18 चक्का ट्राला अनियंत्रित होकर भादूराम कोसमा की दुकान में जा घुसा। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार भादूराम कोसमा का घर और दुकान एक ही परिसर में स्थित है। घटना के समय आसपास बच्चे खेल रहे थे, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्राला आयरन ओर भरकर आलापल्ली से रायपुर की ओर जा रहा था। चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया।

बताया जा रहा है कि ट्राला पहले सड़क किनारे खड़ी एक हाईवा वाहन से टकराया। टक्कर के झटके से हाईवा भी आगे बढ़ने लगी, जिसे मौके पर मौजूद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ब्रेक लगाकर नियंत्रित किया।

दुर्घटना में एक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लगभग 200 मीटर तक बिजली के तार खिंच गए। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल एवं तारों को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी।

राहत की बात यह रही कि ट्राले की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी थी, जिससे वाहन घर के अंदर पूरी तरह प्रवेश नहीं कर पाया और एक बड़ी त्रासदी टल गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार माल लोडिंग का दबाव और अधिक ट्रिप लगाने की होड़ में चालकों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता, जिसके कारण इस प्रकार की दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से भारी वाहनों की नियमित जांच और चालकों के विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

You cannot copy content of this page