बालोद। ग्राम दूधली, जिला बालोद में दिनांक 9 जनवरी से 13 जनवरी तक आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ज/सांकरा के रोवर-रेंजरों ने अनुशासन, सेवा, नेतृत्व एवं राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट परिचय देते हुए विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में विद्यालय के पाँच रोवर एवं चार रेंजर ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने साहसिक गतिविधियों, सामाजिक सेवा कार्यों, टीम बिल्डिंग अभ्यासों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का सफल मार्गदर्शन रोवर लीडर विवेक धुर्वे एवं रेंजर प्रभारी श्रीमती ललिता सोरी के कुशल नेतृत्व में हुआ, जिनके मार्गदर्शन में दल ने राष्ट्रीय मंच पर सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई।
दिनांक 23 फरवरी 2026 को विद्यालय परिसर में गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जिला संघ बालोद से प्राप्त प्रमाण-पत्र प्रतिभागी रोवर-रेंजरों को वितरित किए गए। प्राचार्य श्री एम.एल. गौतम द्वारा रोवर विंग के चमन लाल, हिमांशु, लुकेश, दीपांशु, खिलेंद्र तथा रेंजर विंग की लुपिका, हेमलता, सीमा एवं ईशा को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विद्यार्थियों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री भूपत बघेल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा राष्ट्रीय आयोजनों में निरंतर सहभागिता का संकल्प दोहराया।
इसी क्रम में विश्व चिंतन दिवस एवं विचार दिवस के हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिला संघ बालोद द्वारा आदेशानुसार विवेकानंद सभागार, बालोद में स्काउटिंग के जनक Lord Baden-Powell के जन्मदिवस पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी, दूधली में विकासखंड बालोद से सहभागिता सुनिश्चित कराने वाले सभी सीनियर स्काउट्स, गाइड्स, रोवर-रेंजर एवं लीडर्स को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त श्रीमती मोहिनी यादव एवं सचिव रूपेन्द्र सिन्हा के निर्देशन में मुख्य अतिथि श्रीमती कुमुदिनी साहू (अधिवक्ता, बालोद) तथा श्री अरुण साहू (प्राचार्य, सेजेस हिंदी माध्यम बालोद) की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेष अतिथि के रूप में जिला संगठक आयुक्त श्रीमती प्रेमलता चंद्राकर, नेमसिंह साहू, डॉ. आर.डी. साहू एवं डॉ. दीपाली उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिवस पर स्थानीय संघ एवं जिला संघ बालोद के संयुक्त तत्वाधान में जिला कार्यालय परिसर एवं आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ रेंजर लीडर योगिता राजपूत, रोवर लीडर विवेक धुर्वे, गाइड कैप्टिन तुलसी डोंगरे, स्नेहलता ठाकुर, रामकुमार सिन्हा सहित अनेक रोवर-रेंजर एवं सेवा दल के सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय एवं जिला संघ द्वारा इस उपलब्धि को केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भावना का सशक्त प्रतीक बताया गया। यह गौरवपूर्ण सहभागिता भविष्य में भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती रहेगी।
