बालोद। भारतीय जनता पार्टी के भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा में बालोद जिले से सेन समाज के चार प्रमुख पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपे जाने पर समाज में हर्ष की लहर है। सेन समाज बालोद के जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक को जिला महामंत्री, ब्लॉक अध्यक्ष सेतु राम शांडिल्य को सह कार्यालय प्रभारी, नगर पालिका चुनाव लड़ चुके विनोद कौशिक को जिला उपाध्यक्ष तथा लालचंद नुणीवाल को जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में दायित्व प्रदान किया गया है। इस अवसर पर बालोद जिला सेन समाज के मीडिया प्रभारी उमेश कुमार सेन ने कहा कि सेन समाज के कार्यकर्ताओं को भाजपा संगठन में इस प्रकार की जिम्मेदारी मिलना समाज के लिए गर्व की बात है और यह संगठन के प्रति समाज के विश्वास तथा सेवा भावना का परिणाम है। विदित हो कि संतोष कौशिक भाजपा संगठन के अनुभवी और कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा के मंडल महामंत्री दो बार, प्रदेश कार्य विस्तारक दो बार तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके साथ ही वे नगर पालिका परिषद बालोद में लगातार तीन बार पार्षद निर्वाचित हो चुके हैं। संगठन में उनके लंबे अनुभव, सक्रिय भूमिका और सामाजिक जुड़ाव को देखते हुए पार्टी ने पुनः उन पर भरोसा जताया है।
सेन समाज बालोद को पूरे छत्तीसगढ़ में एक संगठित और आदर्श सामाजिक जिला माना जाता है तथा समाज की सामाजिक गतिविधियां राज्यभर में प्रेरणास्रोत रही हैं। उमेश कुमार सेन ने कहा कि समाज के चार पदाधिकारियों को भाजपा संगठन में स्थान मिलना इस बात का प्रमाण है कि सेन समाज की सेवा भावना और कार्यकुशलता को राजनीतिक मंचों पर भी मान्यता मिल रही है। इसी क्रम में बालोद जिला सेन समाज ने यह मांग भी उठाई है कि संतोष कौशिक, जो वर्तमान में सेन समाज जिला अध्यक्ष एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री हैं, उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य केस शिल्पी कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष बनाया जाए। समाज का कहना है कि बालोद जिले से एक योग्य प्रतिनिधि को इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया जाना आवश्यक है। उमेश कुमार सेन ने कहा कि संतोष कौशिक का चयन अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त होगा, क्योंकि वे संगठनात्मक और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं और प्रदेशभर में उनका सम्मान है।
सेन समाज का यह वर्ग परंपरागत रूप से केस शिल्प व्यवसाय, जैसे हेयर ड्रेसिंग, सैलून, ब्यूटी एवं मेकअप कार्य से जुड़ा हुआ है और अपनी मेहनत, सेवा तथा सामाजिक योगदान के लिए जाना जाता है। समाज का मानना है कि इस वर्ग के उत्थान, प्रशिक्षण, स्वरोजगार और तकनीकी सशक्तिकरण के लिए सक्षम एवं अनुभवी नेतृत्व आवश्यक है, जो समाज की आवाज शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सके। छत्तीसगढ़ राज्य केस शिल्पी कल्याण बोर्ड एक राज्य स्तरीय सरकारी निकाय है, जो केस शिल्पियों को आधुनिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने, सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा पारंपरिक पेशे की गरिमा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कार्य करता है। बोर्ड का अध्यक्ष राज्यभर के केस शिल्प व्यवसायियों की आवाज शासन तक पहुंचाने और नीति निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समाज की ओर से यह भी कहा गया है कि संतोष कौशिक न केवल सेन समाज बल्कि अन्य समाजों में भी लोकप्रिय, व्यवहारकुशल और मिलनसार व्यक्तित्व हैं तथा उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार, कौशल विकास और शिक्षा से जोड़ने की दिशा में सराहनीय कार्य किए हैं। समाज ने विष्णु देव साय से आग्रह किया है कि समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए संतोष कौशिक को केस शिल्पी कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया जाए। सेन समाज बालोद का कहना है कि यह मांग केवल एक व्यक्ति की नियुक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज के आत्मगौरव, परंपरा और सम्मान से जुड़ी हुई है।
