DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पथराटोला के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलटा: चालक गौकरण दर्रो की मौत, 6 घायल; दो की हालत गंभीर

बालोद/ दल्ली राजहरा। जिले के ग्राम पथराटोला (रजही) के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित वाहन के पलटने से चालक गौकरण दर्रो (35 वर्ष), निवासी आड़ेझर की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 6 लोग घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद संजीवनी 108 से जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने सभी का इलाज किया, जबकि गंभीर रूप से घायल शंकर लाल और अजित कुमार को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रजही से एक परिवार पूजा-पाठ और खटला खाने के लिए गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर बांध के पास गया था। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 लोग सवार थे। सुबह 7 बजे सभी लोग गए थे और करीब 11 बजे लौटते समय पथराटोला के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर को जेसीबी की मदद से उठाया गया और उसके नीचे दबे चालक गौकरण का शव निकाला गया।

घायलों में शंकर लाल, अजित कुमार, पति राम, राम लाल और शत्रुहन शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ सवार लोग नशे की हालत में भी थे।

इस हादसे से मृतक के घर में मातम छा गया है। 35 वर्षीय गौकरण दर्रो अपने पीछे दो मासूम बच्चों—एक बेटा और एक बेटी—को छोड़ गए हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पत्नी बेसुध बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

You cannot copy content of this page