DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गंगरेल के ठेमली टापू में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई: 1000 लीटर लाहन नष्ट, भारी मात्रा में सामग्री जब्त

धमतरी। जिले में अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गंगरेल बांध के सामने स्थित ठेमली टापू के समीप एक अन्य टापू में कच्ची महुआ शराब निर्माण की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना रूद्री एवं थाना केरेगांव की संयुक्त टीम गठित कर जंगल क्षेत्र में त्वरित दबिश दी गई। सघन तलाशी के दौरान ठेमली आईलैंड के जंगल क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।

कार्यवाही के दौरान 200 लीटर क्षमता के 5 बड़े प्लास्टिक ड्रम, 3 छोटे प्लास्टिक ड्रम, 6 जर्मन गंजी, 5 स्टील गंजी, 4 लोहे के चूल्हे तथा 6 घमेला जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त 5 बड़े ड्रमों में लगभग 200-200 लीटर महुआ लाहन (कुल लगभग 1000 लीटर) पाया गया, जिसे विधिवत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

समस्त सामग्री का पंचनामा तैयार कर विधिसम्मत जब्ती की गई। दबिश के दौरान मौके पर कोई व्यक्ति उपस्थित नहीं मिला। आसपास के ग्रामों में पूछताछ की गई, किंतु किसी ने उक्त गतिविधि के संबंध में जानकारी होने से इंकार किया।

धमतरी पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी जारी है। संबंधित व्यक्तियों के चिन्हित होते ही उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

धमतरी पुलिस अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर सतर्क है और भविष्य में भी ऐसी कार्यवाहियां जारी रहेंगी।

You cannot copy content of this page