DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बेमेतरा के 8 युवाओं ने पूरा किया ‘आपदा मित्र’ प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन में निभाएंगे अहम भूमिका

बेमेतरा। आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा संचालित आपदा प्रबंधन योजना के अंतर्गत युवाओं को ‘आपदा मित्र’ के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ राज्य में कुल 5000 तथा रायपुर संभाग से 1250 युवा आपदा मित्र तैयार किए जा रहे हैं।

इस प्रशिक्षण का आयोजन केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, नगर सेना, माना कैंप, रायपुर में 16 फरवरी से 22 फरवरी तक किया गया। शिविर में कुल 101 युवाओं ने भाग लेकर ‘युवा आपदा मित्र’ के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा प्रशिक्षण उपरांत उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस बैच में बेमेतरा जिले से 8 युवाओं — लक्ष्मीन वर्मा, अंजू सिन्हा, कुसुम वर्मा, मनीष साहू, महेश चंद्राकर, शिवम रात्रे, राहुल जायसवाल एवं किशन वर्मा — ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया।

प्रशिक्षण सत्र में द्वारिका टंडन, छम्मन साहू, चंद्रहास साहू एवं कालेश्वर साहू द्वारा आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया। युवाओं को बाढ़, भूकंप, चक्रवात, सर्पदंश, अग्निकांड जैसी आपदाओं से निपटने के उपायों के साथ-साथ सीपीआर (CPR) देने की विधि भी सरल और सहज तरीके से सिखाई गई।

प्रशिक्षित युवाओं को भविष्य में पीपीई किट उपलब्ध कराई जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर आपदा की स्थिति में सेवा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यह पहल न केवल युवाओं को सशक्त बना रही है, बल्कि समाज में आपदा के समय त्वरित सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

You cannot copy content of this page