बालोद। जिले में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे ड्यूटी के दौरान एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पुलिस आरक्षक ठनेश कुमार टेमार्य (उम्र 35 वर्ष) की मौत हो गई। वे बालोद सिटी कोतवाली थाना में पदस्थ थे और आगामी 3 मार्च को उनकी बालोद थाने में पोस्टिंग के दो वर्ष पूरे होने वाले थे। जानकारी के अनुसार आरक्षक ठनेश कुमार टेमार्य न्यायालय से संबंधित वारंट की तामील के लिए बालोद से झलमला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हीरापुर मोड़ के पास ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक एक चलती बस से टकरा गई। उसी वक्त सामने से एक ट्रक भी आ रही थी वे दोनों के बीच से निकल रहे थे, जिससे संतुलन बिगड़ने से वे सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रही बस का पहिया उनके सीने के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भीषण था कि उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत सहायता पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में हादसा ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ने से और बस चालक की भी लापरवाही होना बताया जा रहा है। संबंधित बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बस कांकेर रोडवेज की बताई जा रही है। आरक्षक ठनेश कुमार टेमार्य वर्ष 2012 में जिला पुलिस बल में भर्ती हुए थे। 3 मार्च 2024 को उनका तबादला दल्ली राजहरा से बालोद सिटी कोतवाली में हुआ था। इससे पहले वे दल्ली राजहरा में भी सेवाएं दे चुके थे। वर्तमान में वे पुलिस कॉलोनी बालोद में निवास कर रहे थे। उनके पिता नरोत्तम सिंह बालोद कलेक्टर कार्यालय में प्यून के पद पर कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार उनका अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम सहगांव, डौंडीलोहारा ब्लॉक में मंगलवार को किया जाएगा। इस दर्दनाक घटना से पुलिस महकमे और पूरे जिले में शोक का माहौल है। सड़क पर लापरवाही और असावधानी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है, जिससे यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
वारंट तामील करने निकले थे आरक्षक , बालोद में बस की चपेट में आकर दर्दनाक मौत — 3 मार्च को पूरे होने वाले थे बालोद थाने में 2 साल
