देवरी–राजनांदगांव स्टेट हाईवे पर ढाई घंटे चक्का जाम, 25 साल से खराब सड़क को लेकर फूटा गुस्सा



बालोद। देवरी–राजनांदगांव स्टेट हाईवे पर शनिवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करीब ढाई घंटे तक चक्का जाम किया। यह आंदोलन मुख्य मार्ग से ग्राम भरदा तक लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के निर्माण एवं मरम्मत की मांग को लेकर किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 25 वर्षों से खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत टटेंगा, भरदा (ट), हरदी (ट), औरी, गंधरी, जेवरतला एवं रानीतराई रोड क्षेत्र के लोगों को वर्षों से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। विद्यार्थियों, मरीजों एवं आम नागरिकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जबकि बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कई बार जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को आवेदन दिए गए, यहां तक कि कलेक्टोरेट बालोद में भी ज्ञापन सौंपा गया था, जहां 31 जनवरी 2026 से निर्माण कार्य प्रारंभ करने का आश्वासन मिला था, परंतु कार्य शुरू नहीं हुआ।

आंदोलन का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद ने किया। वे ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कोदूराम दिल्लीवार, जागृत सोनकर, जनपद सदस्य भूपेश नायक, संजीव चौधरी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवलदीप गंजीर, रितु साहू (जनपद सदस्य), पुरुषोत्तम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और सरपंच उपस्थित रहे।

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन एवं संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश दी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि उक्त सड़क का प्रस्ताव बजट में शामिल हो चुका है, हालांकि फंड अभी स्वीकृत नहीं हुआ है और प्रक्रिया जारी है। 8 मार्च को इस संबंध में बैठक प्रस्तावित है, जिसके बाद टेंडर एवं अन्य प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएंगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मई माह तक सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिल सकती है।

इस ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया। हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━

You cannot copy content of this page