बालोद– नगर डौंडीलोहारा के हृदय स्थल पर स्थित पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला डौंडीलोहारा में विद्यालय के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य “शताब्दी वर्ष एवं मातृ-पितृ पूजन महोत्सव” का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदेय पूजन, शताब्दी दीप प्रज्वलन एवं स्वागत वंदना के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, अध्यक्ष नगर पंचायत डौंडीलोहारा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नेहा उपाध्याय, उपाध्यक्ष नगर पंचायत डौंडीलोहारा एवं राजेंद्र निषाद सहित पार्षदगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति (माध्यमिक) के अध्यक्ष सुनीत साहू ने की।
मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिससे वातावरण भावुक एवं संस्कारमय हो गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, नृत्य एवं लघुनाटिका की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय परिसर में स्थापित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक स्थल एवं राजमाता रानी झमित कुंवर देवी को पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। स्मारक में एक ओर भारतीय संविधान की प्रस्तावना तथा दूसरी ओर क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों— स्व. बुधराम (पिता राम सिंह गौंड), स्व. कलाराम (पिता सुकालु राम गौंड) एवं स्व. वली मोहम्मद (पिता दीन मोहम्मद) — के नाम अंकित हैं। दो मिनट का मौन रखकर उनके त्याग और बलिदान को स्मरण किया गया।
पूर्व विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। पूर्व विद्यार्थी लोकेश्वर निषाद, शिक्षक ने अपने प्रारंभिक शिक्षा काल को याद करते हुए कहा कि इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर बाद में यहीं अध्यापन सेवा देना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मन लगाकर पढ़ाई करने एवं माता-पिता का सम्मान करने का संदेश दिया।
पूर्व विद्यार्थी डॉ. एम. आर. खान मित्र, सेवा निवृत्त शिक्षक (जिला शिक्षा) ने विद्यालय के इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि इस विद्यालय का निर्माण रानी साहिबा कालिंद कुंवर देवी द्वारा राजा साहब लाल फतेह सिंह की स्मृति में निजी भूमि दान कर कराया गया था। उन्होंने मातृ-पितृ पूजन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
पूर्व विद्यार्थी राजेंद्र देवांगन, एपीसी समग्र शिक्षा, जिला कार्यालय बालोद ने वर्ष 1978 में इसी विद्यालय में प्रवेश लेने की स्मृतियां साझा कीं और कहा कि यहीं की शिक्षा ने उन्हें वर्तमान पद तक पहुंचाया। पूर्व छात्र लीलेंद्र सिन्हा, समाजसेवी ने शताब्दी वर्ष पर सम्मानित किए जाने के लिए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा जनप्रतिनिधियों से विद्यालय विकास में सहयोग का आग्रह किया।
शताब्दी वर्ष के अवसर पर विद्यालय की 100 वर्षों की उपलब्धियों एवं भावी विकास योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया। पूर्व विद्यार्थियों को शताब्दी प्रतीक चिन्ह से सम्मानित किया गया तथा शताब्दी वर्ष लोगो का विमोचन किया गया। “हमर विद्यालय पहुना” नवाचार के अंतर्गत विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु मार्गदर्शन देने की घोषणा की गई। इसी क्रम में विद्यालय स्मारिका का निर्माण भी किया गया, जिसके माध्यम से पूर्व छात्र विद्यालय से जुड़कर विकास में सहयोग कर सकेंगे।
विद्यालय विकास हेतु मुख्य अतिथि लाल निवेंद्र सिंह टेकाम ने नगर पंचायत की ओर से विद्यालय परिसर में पेवर ब्लॉक निर्माण, किचन सह मध्याह्न भोजन कक्ष में डोम निर्माण, शौचालय उन्नयन एवं परिसर सौंदर्यीकरण की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि श्रीमती नेहा उपाध्याय ने भी अपनी निधि से आवश्यक सहयोग देने तथा नगर निकाय की ओर से समय-समय पर सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि बीरसिंह सिंह ठाकुर, गायत्री देवांगन, रेवती कोलियारे, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेश्वरी गोपी साहू, पूर्व पार्षद दशोदा भूआर्य, पालकगण एवं विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
अंत में शिक्षक छगन बंसोर द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका खिलेश्वरी साहू एवं योशिदा यादव ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पाठक जितेंद्र देशमुख, राजेश कुमार लारेंद्र सहित शिक्षक छगन बंसोर, अल्का खरे, चंद्रकला ठाकुर, डोमेंद्र साहू, नरोत्तम जांगड़े, चित्रलेखा साहू, हेमलता साहू, खेल-व्यायाम-संगीत प्रशिक्षक डोमेंद्र जगनायक, हेमंत साहू, शिक्षक विजय वैदे, संजय नायक, ईश्वर निषाद, मिलिंद नागदेवे, पार्वती प्रसाद एवं उत्तरानी मंडावी का विशेष सहयोग रहा।
यह ऐतिहासिक आयोजन शिक्षा, संस्कृति, कृतज्ञता, राष्ट्रप्रेम एवं पारिवारिक मूल्यों के संवर्धन का सशक्त संदेश देने में पूर्णतः सफल रहा।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
