बालोद। ग्राम मेढ़की के ग्रामीणों ने गांव में आपसी वैमनस्य और विवाद की स्थिति पैदा करने वाले चुगली प्रचलन को रोकने के लिए सामूहिक बैठक कर अहम निर्णय लिया है। गुरुवार सुबह 8 बजे आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक या व्यक्तिगत रूप से एक की बात दूसरे तक पहुंचाकर भड़काने अथवा आपसी लड़ाई कराने का प्रयास करता है, तो ऐसे व्यक्ति पर 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से यह कठोर निर्णय लिया गया है, ताकि चुगली की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सके और लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकें।
इसके साथ ही सामाजिक एवं धार्मिक भोज कार्यक्रमों में यदि कोई व्यक्ति शराब का सेवन कर पहुंचता है, तो उसके खिलाफ भी 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाने का निर्णय लिया गया है। ग्रामीणों का मानना है कि इस फैसले से गांव में अनुशासन और संस्कार की भावना मजबूत होगी।
5 साल पहले नशे के खिलाफ लिया गया था बड़ा फैसला
ग्राम मेढ़की में इससे पूर्व भी नशे के बढ़ते प्रचलन को लेकर पांच वर्ष पहले सामूहिक बैठक आयोजित की गई थी। उस समय सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि गांव में शराब बेचने वालों पर 10 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। साथ ही शराब बिक्री की सूचना देने वाले व्यक्ति को 1 हजार रुपये पुरस्कार देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया था।
ग्रामीणों ने गांव की गलियों, मोहल्लों एवं सरहद क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का संकल्प लिया था। इन निर्णयों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला और गांव का वातावरण काफी हद तक शांतिपूर्ण बना हुआ है।
सरपंच की अपील – आदर्श ग्राम की ओर बढ़ रहा मेढ़की
सरपंच ने ग्राम समिति के निर्णय को स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि आर्थिक दंड गांव की पारंपरिक व्यवस्था का हिस्सा है और इससे गांव विकास एवं संस्कार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नशे से दूर रहे और गांव व परिवार के विकास में योगदान दे। उन्होंने आगे कहा कि ग्राम पंचायत की ओर से मेढ़की को आदर्श ग्राम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और ऐसे सामूहिक निर्णय गांव को एक नई दिशा देने का कार्य करेंगे।
👉 DAILY BALOD NEWS (DB Digital Media) के WhatsApp चैनल को फॉलो करें और जिले की हर खबर सबसे पहले पाएं।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
