शेखर गुप्ता,दल्लीराजहरा/बालोद। बालोद जिले के सबसे बड़े नगर दल्लीराजहरा में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन और नगरपालिका की संयुक्त टीम सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रही है। लगातार दो दिनों से मुख्य मार्ग, बस स्टैंड चौक और बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
संयुक्त टीम द्वारा नगर में सर्चिंग अभियान चलाकर लोगों को समझाइश दी गई और अव्यवस्थित पार्किंग पर कड़ी चेतावनी जारी की गई। नगर निरीक्षक विकास पाटले एवं यातायात प्रभारी रवि शंकर पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़क किनारे खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को हटवाया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें निर्धारित सीमा से आगे तक बढ़ा ली हैं तथा कुछ सब्जी विक्रेता सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में गलत स्थान पर पार्किंग करने, सड़क घेरकर दुकान लगाने या यातायात बाधित करने पर सीधे चालानी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू भी अभियान में शामिल हुए और व्यापारियों व आम नागरिकों से व्यवस्था सुधार में सहयोग की अपील की।
मुख्य मार्ग में की गई सफेद मार्किंग
यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए नगरपालिका द्वारा मुख्य मार्ग में सफेद मार्किंग का कार्य शुरू किया गया है। तहसीलदार एवं प्रभारी सीएमओ देवेंद्र नेताम ने बताया कि सफेद लाइन के भीतर ही व्यापारी एवं ग्राहक अपने वाहन खड़े करेंगे।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। सफेद मार्किंग के बाहर वाहन या अन्य सामग्री पाए जाने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने जानकारी दी है कि यह विशेष अभियान अब नियमित रूप से प्रतिदिन चलाया जाएगा, ताकि नगरवासियों, व्यापारियों और यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
