DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

भीषण गर्मी में भी नहीं रुकेगा शिक्षकों का प्रशिक्षण, SCERT के निर्देश पर बालोद-दुर्ग में चरणबद्ध कार्यक्रम शुरू

10वीं-12वीं परीक्षा परिणाम, AI, नई शिक्षा नीति और ब्लूप्रिंट आधारित पढ़ाई पर मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

बालोद। संचालक के निर्देशानुसार सेकेंडरी विद्यालयों के व्याख्याताओं एवं शिक्षकों के लिए विषयवार एवं चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 25 मई से 13 जून 2026 तक बालोद एवं दुर्ग जिले में किया जाएगा। यह प्रशिक्षण के प्राचार्य पी.सी. मरकले के मार्गदर्शन में आयोजित होगा।

कला, वाणिज्य, भाषा और कृषि समूह के शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण में कला संकाय के अंतर्गत भूगोल, राजनीति शास्त्र एवं समाज शास्त्र, वाणिज्य संकाय के अंतर्गत लेखा शास्त्र, व्यवसायिक प्रबंधन एवं अर्थशास्त्र, भाषा समूह में अंग्रेजी, संस्कृत एवं हिंदी तथा कृषि समूह में कृषि विज्ञान, पशुपालन एवं फसल उत्पादन जैसे विषय शामिल किए गए हैं।

ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्न निर्माण और NEP पर रहेगा फोकस

प्राचार्य पी.सी. मरकले ने बताया कि 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्न निर्माण, प्रश्नों का विश्लेषण एवं अंकों के संतुलित विभाजन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नई शिक्षा नीति (NEP) और SCF पर भी विस्तृत चर्चा होगी।

इस दौरान विषय विशेषज्ञ डॉ. शिशिरकांत भट्टाचार्य, डॉ. हेमंत साहू, डॉ. नीलम दुबे, डॉ. वंदना सिंह एवं श्रीमती संध्या शर्मा द्वारा विषयवार प्रशिक्षण दिया जाएगा।

AI, ICT और मानसिक स्वास्थ्य जैसे आधुनिक विषय भी शामिल

प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिक्षकों के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण रहेगा। इसमें SCERT एवं डाइट द्वारा प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स, DRGs और BRGs भारतीय ज्ञान परंपरा, मानसिक स्वास्थ्य, ICT एवं AI, NPST, विद्यालयी संस्कृति, अधिगम वातावरण निर्माण तथा हॉलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण देंगे।

बालोद और दुर्ग में अलग-अलग चरणों में होगा आयोजन

पहले चरण में बालोद जिले में 25 से 30 मई तक वाणिज्य संकाय का प्रशिक्षण सेजेस विद्यालय आमापारा बालोद में आयोजित होगा। वहीं दुर्ग जिले में 28 मई से 1 जून तक कला एवं वाणिज्य समूह के व्याख्याताओं का प्रशिक्षण कृष्णा पब्लिक स्कूल नेहरू नगर भिलाई में कराया जाएगा।

इसके बाद बालोद जिले में 3 जून से 7 जून तक कला एवं भाषा समूह तथा दुर्ग जिले में 9 जून से 13 जून तक भाषा समूह के शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

करीब 2 हजार शिक्षकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पहले चरण में जनगणना कार्य नहीं करने वाले शिक्षकों तथा दूसरे चरण में जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम में दुर्ग जिले के 1036 तथा बालोद जिले के 937 व्याख्याताओं एवं शिक्षकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

निजी संस्थानों का भी लिया जा रहा सहयोग

प्राचार्य पी.सी. मरकले ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक एवं डाइट सदस्यों का विशेष सहयोग मिल रहा है। साथ ही निजी शैक्षणिक संस्थानों का भी सहयोग लिया जा रहा है।

You cannot copy content of this page