DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

एसडीएम के स्टे ऑर्डर के बावजूद कोंगनी पंचायत ने जारी किया अतिक्रमण हटाने का नोटिस

गुण्डरदेही।गुण्डरदेही ब्लॉक के ग्राम कोंगनी में अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम पंचायत कोंगनी की सरपंच सगेश्वरी द्वारा किशोर कुमार साहू को अतिक्रमण हटाने से संबंधित नोटिस जारी किया गया है, जबकि मामले में एसडीएम कोर्ट से पूर्व में स्टे ऑर्डर जारी होने की बात सामने आई है।

जारी नोटिस में किशोर कुमार साहू को 10 फरवरी को किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए हैं तथा 11 फरवरी को सुबह 11 बजे आवश्यक दस्तावेजों के साथ मौके पर उपस्थित रहने कहा गया है। इस पर आपत्ति जताते हुए किशोर कुमार साहू ने बताया कि पूर्व में भी जब पंचायत द्वारा नोटिस जारी किया गया था, तब उन्होंने इसके विरुद्ध एसडीएम कोर्ट में अपील की थी, जहां से उन्हें स्टे ऑर्डर मिल चुका है और प्रकरण की सुनवाई जारी है।

किशोर कुमार साहू का कहना है कि इस संबंध में सरपंच और सचिव सहित पंचायत प्रशासन को स्टे ऑर्डर की जानकारी है, इसके बावजूद उन्हें बार-बार नोटिस देकर परेशान किया जा रहा है। उनका आरोप है कि ऐसा प्रतीत होता है कि पंचायत प्रशासन को एसडीएम के आदेश की कोई परवाह नहीं है।

बताया गया कि स्टे ऑर्डर मिलने के बाद एसडीएम कोर्ट ने मामले की जांच के लिए तहसीलदार अर्जुंदा को निर्देशित किया था, जिसका प्रतिवेदन अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। इस कारण मामले की अगली सुनवाई 23 फरवरी 2026 को निर्धारित की गई है। प्रकरण एसडीएम कोर्ट में लंबित होने के बावजूद पंचायत प्रशासन द्वारा पुनः नोटिस जारी किए जाने से विवाद और बढ़ गया है।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page