अंगदान-देहदान और नशामुक्ति को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश, सर्वाधिक रक्तदान करने वाले शिवचरण साहू सम्मानित
कोण्डागांव, 11 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री तोमन साहू की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों एवं वार्षिक कार्ययोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन तोमन साहू ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी का मूल उद्देश्य मानवीय सेवा है। उन्होंने वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप जिले में सेवा गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा इसमें आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने देहदान एवं अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाने तथा इसके लिए समिति गठित करने की बात कही। उन्होंने जूनियर रेडक्रॉस एवं यूथ रेडक्रॉस को विद्यालयों और महाविद्यालयों का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए युवाओं को अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने के निर्देश दिए। पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई जैसे तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को भी रेडक्रॉस की गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
हर स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम पर जोर
चेयरमैन ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में नशामुक्त भारत अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने की बात कही।
प्रदेश बॉडी ऑर्गन डोनेशन कमेटी के सदस्य एवं पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी टी.आर. साहू ने जिले में सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सभी विद्यालयों में जूनियर रेडक्रॉस इकाइयों को सक्रिय कर सेवा गतिविधियों का विस्तार करने के निर्देश दिए।
अधिक से अधिक लोगों को रेडक्रॉस से जोड़ने की पहल
जिला चेयरमैन मनोज जैन ने जिले में रेडक्रॉस सोसायटी की सहभागिता बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाने पर जोर दिया। वहीं कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने जिले में रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सर्वाधिक स्वैच्छिक रक्तदान करने एवं अंगदान की घोषणा करने वाले शिवचरण साहू को रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से सम्मानित किया गया।
चेयरमैन ने किया पौधरोपण
कोण्डागांव पहुंचने के बाद छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन तोमन साहू ने पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश टावरी, जितेन्द्र सुराना, राजीव बख्शी, प्रेम सिंह नाग, अनुराग उपाध्याय, शिवचरण साहू सहित अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. पी.एल. मंडावी तथा जिला शाखा के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।












