DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

800 मीटर लंबे तिरंगे के साथ डौंडी लोहारा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, निकली भव्य अमर तिरंगा यात्रा

छात्र-छात्राओं ने पूरे नगर में लहराया विशाल तिरंगा, सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुआ यात्रा का समापन

डौंडी लोहारा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला बालोद एवं नगर इकाई डौंडी लोहारा द्वारा 800 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य अमर तिरंगा यात्रा निकाली गई। विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल बना दिया। भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से डौंडी लोहारा गूंज उठा।

यात्रा का शुभारंभ पीएम श्री आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय से हुआ। इसमें प्रगति विद्यालय, शासकीय बालक विद्यालय एवं सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता विशाल 800 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे।

तिरंगे के साथ उमड़ा देशभक्ति का उत्साह

विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा को देखने के लिए नगरवासियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। मार्ग में भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

अमर तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने भी देश के प्रति अपने सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त की।

सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुआ समापन

यात्रा के समापन अवसर पर संपूर्ण वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन किया गया। विद्यार्थियों, कार्यकर्ताओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित नागरिकों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन कर भारत माता के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

यात्रा में विद्यार्थियों, अभाविप कार्यकर्ताओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ स्वास्थ्य विभाग एवं थाना प्रभारी की सुरक्षा टीम का विशेष सहयोग रहा। वहीं नगरवासियों ने भी यात्रा में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।

You cannot copy content of this page