DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जिले के विभिन्न ग्रामों में ‘रोजगार दिवस’ और ‘आवास दिवस’ का हुआ आयोजन

बालोद। 08 फरवरी 2026शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बालोद जिले के विभिन्न ग्रामों में 07 फरवरी 2026 को ‘रोजगार दिवस’ और ‘आवास दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव का माहौल रहा, जहां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच एवं पंचगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आवास हितग्राही, मनरेगा श्रमिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर योजनाओं की समीक्षा के साथ आगामी लक्ष्यों को लेकर ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) एवं VBG R-RAM-G के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। विभागीय कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास निर्माण की तकनीकी बारीकियां, किस्तों का भुगतान, गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण और योजना के तहत पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। साथ ही VBG R-RAM-G के नवीन प्रावधानों तथा ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया, जिसमें असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को स्थायी रोजगार सुरक्षा प्रदान करने संबंधी जानकारी शामिल रही।

बताया गया कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026 से प्रत्येक पंजीकृत श्रमिक को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों की रोजगार गारंटी प्रदान की जाएगी। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण मजदूरों को न्यूनतम आय सुरक्षा देना है, जिससे बेरोजगारी, पलायन और आर्थिक अस्थिरता में कमी लाई जा सके।

इसके साथ ही मनरेगा श्रमिकों को रोजगार के अवसर, समय पर भुगतान और श्रमिकों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। मनरेगा अंतर्गत संपादित कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण, भौतिक सत्यापन तथा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी भी दी गई। डिजिटल पारदर्शिता के तहत ग्रामीणों ने अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर मनरेगा कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम पंचायतों में VBG R-RAM-G के पाम्पलेट वितरण एवं दीवार लेखन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई, ताकि अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंच सके। शासन की मंशा के अनुरूप रोजगार और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुलभ बनाना ही प्राथमिकता है।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page