DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बजट 2026 : मध्यम वर्ग, विकास और आत्मनिर्भर भारत को नई मजबूती — सौरभ लुनिया

बालोद। केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा 1 फरवरी 2026 को प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक दूरदर्शी कदम बताते हुए भाजपा जिला महामंत्री श्री सौरभ लुनिया ने बजट का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट बुनियादी ढांचे के विस्तार, स्वास्थ्य और शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा मध्यम वर्ग एवं करदाताओं को बड़ी राहत देने वाला है, जो “विकसित भारत” के संकल्प को और मजबूत करता है।
श्री लुनिया ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग और टैक्सपेयर्स के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। संशोधित आयकर रिटर्न दाखिल करने की समय सीमा को 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च किए जाने से करदाताओं को अतिरिक्त समय मिलेगा और अनावश्यक मानसिक दबाव से राहत मिलेगी। वहीं कैंसर व शुगर की दवाओं, मोबाइल फोन, जूते-चप्पल तथा सोलर ऊर्जा से जुड़ी वस्तुओं को सस्ता करने के प्रस्ताव से आम जनता के दैनिक खर्च में कमी आएगी। इसके साथ ही विदेश यात्रा पैकेज और विदेश में शिक्षा के लिए भेजी जाने वाली राशि पर टीसीएस की दर को घटाकर 2 प्रतिशत किया जाना मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत है।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में यह बजट ऐतिहासिक साबित होगा। मुंबई–पुणे, हैदराबाद–बेंगलुरु और दिल्ली–वाराणसी जैसे प्रमुख मार्गों को जोड़ने के लिए नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा से देश में आधुनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी। साथ ही 12.2 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय से सड़क, रेल और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को बल मिलेगा, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बजट को संवेदनशील बताते हुए श्री लुनिया ने कहा कि घरेलू दवाओं के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बायो-फार्मा शक्ति’ योजना की शुरुआत देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम है। उच्च शिक्षा में छात्राओं की सुविधा के लिए प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना महिला सशक्तिकरण को मजबूती देगी। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में एवीजीसी लैब्स की स्थापना से युवाओं को आधुनिक तकनीक और रचनात्मक कौशल से जोड़ा जाएगा।
उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में बजट को मजबूत बताते हुए उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का एसएमई ग्रोथ फंड छोटे उद्योगों को विस्तार देने और रोजगार सृजन में सहायक सिद्ध होगा। सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 से भारत वैश्विक तकनीकी शक्ति के रूप में उभरेगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
अंत में श्री सौरभ लुनिया ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 आम आदमी, मध्यम वर्ग, युवाओं और उद्योग जगत की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने वाला बजट है, जिसे भारतीय जनता पार्टी पूर्ण समर्थन देती है।

You cannot copy content of this page