प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को दी बधाई
बालोद। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के प्रदेश मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता श्री स्वाधीन जैन ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत ऐतिहासिक आम बजट का स्वागत करते हुए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग, व्यापारियों, उद्यमियों तथा एमएसएमई सेक्टर के लिए नई ऊर्जा और आशा लेकर आया है। बजट में लिए गए निर्णय देश की अर्थव्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम हैं।
श्री जैन ने विशेष रूप से 12 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स छूट को मध्यम वर्ग के लिए ऐतिहासिक राहत बताया। उन्होंने कहा कि इससे आम परिवारों की क्रय शक्ति में वृद्धि होगी, जिसका सीधा सकारात्मक प्रभाव बाजार, व्यापार और उद्योग जगत पर पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि एमएसएमई सेक्टर को सशक्त बनाने के लिए बजट में किए गए प्रावधान छोटे और मध्यम उद्योगों को मजबूती प्रदान करेंगे। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश की आर्थिक गति को नई रफ्तार मिलेगी। व्यापार को सरल बनाने और नए निवेश को प्रोत्साहित करने वाले कदम भारत को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में और आगे ले जाएंगे।
स्वाधीन जैन ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने वाला एक ठोस रोडमैप है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट सभी वर्गों के हितों को संतुलित करते हुए तैयार किया गया है, जिससे देश के व्यापारी, किसान, युवा और मध्यम वर्ग सभी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
