“धुआंधार नहीं, दिशाहीन बजट—युवाओं, शहरों और गरीबों से मुंह मोड़ रही बीजेपी सरकार” : अंचल प्रकाश साहू



बालोद। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर के अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को भारतीय अर्थव्यवस्था को सुधार की दिशा में ले जाने में पूरी तरह असफल बताते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बजट न तो मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को संभालने का रोडमैप देता है, न रोजगार सृजन की कोई ठोस योजना प्रस्तुत करता है और न ही लगातार घटती घरेलू बचत को लेकर कोई गंभीर सुधार दिखाई देता है।
अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि देश का युवा आज शिक्षा और रोजगार दोनों मोर्चों पर असमंजस और अनिश्चितता का शिकार है, लेकिन बजट में युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शहरी भारत की स्थिति और भी चिंताजनक है—अमृत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के बजट में कटौती कर दी गई है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन का बजट तो लगभग आधा कर दिया गया है। इससे साफ है कि सरकार शहरी गरीबों, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के अपने दावों से पीछे हट रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस बजट को बीजेपी “धुआंधार बजट” बताकर प्रचारित कर रही है, उसमें धार नहीं, सिर्फ धुआं है। यह बजट आम जनता की जरूरतों पर नहीं, बल्कि आंकड़ों और भाषणों के सहारे अपनी नाकामियों को ढंकने का प्रयास है। कांग्रेस पार्टी मानती है कि देश को इस समय रोजगार, शिक्षा, छोटे उद्योग, शहरी विकास और आम आदमी की क्रय शक्ति बढ़ाने वाले ठोस आर्थिक फैसलों की जरूरत है, जो इस बजट में पूरी तरह नदारद हैं।
अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि कांग्रेस ऐसे जनविरोधी बजट का विरोध करती रहेगी और सड़क से संसद तक जनता की आवाज़ बुलंद कर बीजेपी सरकार को उसकी नाकाम नीतियों के लिए जवाबदेह बनाएगी।

You cannot copy content of this page