41 साल बाद बालोद कॉलेज को मिला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेज़बानी का गौरव, आज से होगी महिला खो-खो स्पर्धा



बालोद। शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद को स्थापना के 41 वर्षों बाद पहली बार किसी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन का अवसर प्राप्त हुआ है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के तहत महाविद्यालय परिसर में 2 फरवरी से राज्य स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 11 सेक्टर की टीमें भाग लेंगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेज़बानी मिलने से न केवल बालोद कॉलेज, बल्कि जिले भर के अन्य महाविद्यालयों में भी उत्साह और गर्व का माहौल है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए कॉलेज परिसर में दो विशेष खेल मैदान तैयार किए गए हैं, जहाँ खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1985 में स्थापित शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद में प्रारंभ से ही छात्र-छात्राएँ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं। विशेष रूप से पिछले तीन वर्षों में यहां के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए लगभग 70 राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सहभागिता की है। खिलाड़ियों की इसी निरंतर उपलब्धि और खेल प्रतिभा को देखते हुए इस बार राज्य स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता की जिम्मेदारी बालोद कॉलेज को सौंपी गई है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. के. खलखो एवं क्रीड़ा अधिकारी मनीष टोप्पो ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इस प्रतियोगिता में उत्तर बस्तर, दक्षिण बस्तर, जांजगीर, कोरबा, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, बलोदा बाजार, सरगुजा एवं दुर्ग सेक्टर की टीमें भाग लेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय स्तर के क्वालिफाइड तकनीकी अधिकारी एवं रेफरी भी उपस्थित रहेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चयनित टीम को आगे ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
राज्य स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन बालोद जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को नई प्रेरणा और मंच प्राप्त होगा।

You cannot copy content of this page