“जुमलों का बजट, ज़मीन से कटी हुई हकीकत” — जनता की ज़िंदगी से बेख़बर है बीजेपी सरकार : अनिला भेड़िया



डौंडी लोहारा। डौंडी लोहारा विधानसभा की विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने केंद्र की बीजेपी सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह बजट केवल शब्दों, जुमलों और आत्मप्रशंसा से सजा हुआ है, जबकि इसमें देश की आम जनता की वास्तविक ज़िंदगी की कोई झलक तक नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज देश का युवा बेरोज़गारी की आग में झुलस रहा है, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर लगातार गिरावट के दौर से गुजर रहा है, विदेशी निवेशक भारत से पूंजी निकाल रहे हैं, मध्यम वर्ग की बचत तेजी से घट रही है और किसान लगातार संकट में फँसे हुए हैं। इसके बावजूद बीजेपी सरकार का यह बजट इन ज्वलंत मुद्दों पर पूरी तरह मौन है। विधायक अनिला भेड़िया ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने एक बार फिर बड़े-बड़े आंकड़ों और लंबे भाषणों के पीछे सच्चाई छिपाने की कोशिश की है। न तो रोजगार सृजन के लिए कोई ठोस रोडमैप प्रस्तुत किया गया है, न किसानों की आय बढ़ाने के लिए कोई ठोस पहल दिखाई देती है और न ही महंगाई से त्रस्त आम परिवारों को कोई वास्तविक राहत दी गई है।
उन्होंने कहा कि यह बजट देश के विकास का रोडमैप नहीं, बल्कि बीजेपी सरकार की आत्मप्रशंसा का दस्तावेज़ है। जिस संवेदनशीलता, जवाबदेही और दूरदृष्टि की देश को इस समय सबसे अधिक आवश्यकता थी, वह इस बजट में पूरी तरह नदारद है। अनिला भेड़िया ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह आत्ममंथन करे, जमीनी सच्चाइयों को स्वीकार करे और रोजगार, कृषि, छोटे उद्योग, मध्यम वर्ग एवं आम जनता के हित में ठोस, प्रभावी और भरोसेमंद आर्थिक कदम उठाए।

You cannot copy content of this page