DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद पुलिस का बड़ा एक्शन: उड़ीसा से गांजा तस्करी का भंडाफोड़ : मोटरसाइकिल की डिग्गी में छिपाकर ला रहे थे 4 किलो से अधिक गांजा, तीन तस्कर धराए

बालोद। बालोद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उड़ीसा से बालोद की ओर गांजा तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4.082 किलोग्राम गांजा, तीन मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद श्री बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में की गई। जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध लगातार सघन
अभियान चलाया जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर रानीमांई मंदिर के पास जाल बिछाया

दिनांक 30 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल पैशन प्रो क्रमांक CG 19 BA 6418 से उड़ीसा की ओर से चारामा होते हुए बालोद की तरफ अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से आ रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए थाना बालोद पुलिस द्वारा ग्राम नर्रा स्थित रानीमांई मंदिर के पास एमसीपी लगाकर सघन चेकिंग शुरू की गई।

डिग्गी की तलाशी में चार पैकेट गांजा बरामद

चेकिंग के दौरान बताई गई मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोका गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम महेंद्र कुंजाम (25 वर्ष), जितेंद्र निषाद (24 वर्ष) एवं नोमेंद्र रजक (19 वर्ष) बताया। तीनों आरोपी जैसाकर्रा गांव, थाना चारामा, जिला कांकेर के निवासी हैं।
मोटरसाइकिल की डिग्गी की तलाशी लेने पर खाकी रंग के टेप से लिपटे चार पैकेट गांजा बरामद किए गए। तौल करने पर गांजा का कुल वजन 4.082 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई।

मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल भी जप्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेडमी, रियलमी एवं ओप्पो कंपनी के तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 15 हजार रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पैशन प्रो CG 19 BA 6418 (कीमत लगभग 30 हजार रुपये) भी जप्त की। कुल जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 45 हजार रुपये है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजे गए

इस कार्रवाई के बाद आरोपियों के विरुद्ध थाना बालोद में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। तीनों आरोपियों को दिनांक 30 जनवरी 2026 की रात्रि 22:35, 22:42 एवं 22:48 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा दिनांक 31 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रेड कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका


इस सफल कार्रवाई में थाना बालोद के निरीक्षक श्री शिशुपाल सिन्हा, प्र.आर. 1732 योगेश सिन्हा, आरक्षक 339 संजय सोनी, 118 दीपक शर्मा, 468 डिगेश्वर पटेल एवं 457 भूपेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।

You cannot copy content of this page