हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में शामिल हुई ग्राम सांकरा (जगन्नाथपुर) की बेटी मीनाक्षी जेठमल, गांव में खुशी की लहर



बालोद। ग्राम सांकरा, जगन्नाथपुर के लिए यह गर्व और उल्लास का क्षण है कि गांव की होनहार बेटी मीनाक्षी जेठमल ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का शानदार उदाहरण प्रस्तुत करते हुए हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से एमएससी (कंप्यूटर साइंस) की परीक्षा में टॉप-10 में स्थान प्राप्त किया है। मीनाक्षी ने कुल 3800 अंकों में 2860 अंक अर्जित कर नौवां स्थान हासिल किया है। मीनाक्षी, पिता भूपेश जेठमल एवं माता पूर्णिमा जेठमल की पुत्री हैं। वर्तमान में वे भिलाई महिला महाविद्यालय, सेक्टर-9 में अध्ययनरत हैं तथा भिलाई में रहकर आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। मीनाक्षी का लक्ष्य यूपीएससी की तैयारी कर सिविल सेवा में चयनित होकर देश सेवा करना है।


उनकी इस उपलब्धि पर जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू ने हर्ष व्यक्त करते हुए मीनाक्षी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “मीनाक्षी की यह सफलता पूरे क्षेत्र, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन कर रही हैं।”
उन्होंने मीनाक्षी के माता-पिता को भी इस संस्कार और समर्थन के लिए बधाई दी। मीनाक्षी की सफलता की खबर से सांकरा एवं जगन्नाथपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने इसे बेटियों की शिक्षा, मेहनत और आत्मविश्वास की जीत बताया। मीनाक्षी आज न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई हैं। ग्राम सांकरा (जगन्नाथपुर) की बेटी मीनाक्षी जेठमल ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से एमएससी कंप्यूटर साइंस में टॉप-10 में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। लगातार पढ़ाई को लेकर जुझारू और मेहनती रही मीनाक्षी ने गांव से निकलकर शहर के उच्च शिक्षा संस्थान में अध्ययन कर यह मुकाम हासिल किया। वर्तमान में वह भिलाई महिला महाविद्यालय, सेक्टर-9 में अध्ययनरत हैं। मीनाक्षी आगे यूपीएससी की तैयारी कर सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य रखती हैं। माता-पिता ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। बेटी ने परिवार और गांव का नाम ऊंचा किया है।

You cannot copy content of this page