DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सड़क दुर्घटनाओं पर सख्ती: नशे में ड्राइविंग, बिना हेलमेट और तेज रफ्तार पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में प्रभावी रोकथाम उपायों पर हुआ मंथन

बालोद। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस और प्रभावी कदम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल, अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा एवं एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों एवं उनकी रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने नशापान एवं तेज गति से वाहन चलाने को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए पुलिस, यातायात एवं संबंधित विभागों को इसके विरुद्ध पुख्ता और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री पटेल ने जिले के दुर्घटना-जन्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय, संकेतक एवं सुधारात्मक कार्य अनिवार्य रूप से करने को कहा। उन्होंने नियमित जांच अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश जारी करने को कहा कि बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। साथ ही उन्होंने वाहन चालकों के लाइसेंस की नियमित जांच कर बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में स्कूली बसों एवं बच्चों को ले जाने वाले अन्य वाहनों की नियमित फिटनेस जांच सुनिश्चित करने, तथा 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए स्कूलों में भी नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, श्री पटेल ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटना रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए सड़कों एवं चौराहों पर घूमने वाले मवेशियों की रोकथाम, तथा गुड सेमेरिटन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना तथा नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक स्थलों को चिन्हित कर वहां अनिवार्य रूप से ट्रैफिक सिग्नल एवं संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों से सड़क सुरक्षा को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं अन्य अधिकारियों ने भी सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा, जिला परिवहन अधिकारी श्री प्रकाश रावटे, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग के अनुविभागीय अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page