TET-26 परीक्षा के लिए भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय बालोद बना परीक्षा केंद्र

बालोद। छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आयोजित TET-26 परीक्षा के लिए भक्त माता कर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय बालोद को अधिकृत परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यह परीक्षा केंद्र केन्द्र क्रमांक 3107 के अंतर्गत संचालित होगा। 1 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में दोनों पालियों में 240-240 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
TET-26 परीक्षा को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा प्राधिकरण द्वारा अभ्यर्थियों के लिए नए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी किए गए हैं। जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम 2 घंटे पूर्व उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को दिया जाएगा जिनके पास वैध प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र तथा निर्धारित ड्रेस कोड का पूर्ण पालन होगा। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ड्रेस कोड को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। SOP के तहत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनना अनिवार्य होगा। काले, गहरे नीले, हरे, मैरुन, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) पहनने की अनुमति होगी। जूते पहनने पर प्रतिबंध रहेगा और अभ्यर्थियों को चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र आना अनिवार्य किया गया है।
परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार के आभूषण, घड़ी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, बेल्ट एवं पाउच पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इन वस्तुओं को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक अभ्यर्थी की हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर एवं मैनुअल पैट-डाउन के माध्यम से जांच की जाएगी। परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले रंग के पेन ले जाने की अनुमति होगी।
धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा समय से 3 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा।
TET-26 परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:15 बजे तक होगी, जिसमें परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:00 बजे बंद कर दिया जाएगा। वहीं द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से 5:45 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्रवेश दोपहर 12:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद करने का प्रावधान रहेगा।
परीक्षा प्राधिकरण ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे जारी किए गए सभी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।

You cannot copy content of this page