DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मनरेगा और धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का आर-पार का ऐलान,लचर व्यवस्था के खिलाफ 30 जनवरी को लाटाबोड़ में एक दिवसीय धरना, सरकार को घेरने उतरेगी कांग्रेस

लचर व्यवस्था के विरोध में 30 जनवरी को लाटाबोड़ में गरजेगा “मनरेगा बचाओ संग्राम”

बालोद। जिले में मनरेगा योजना की बदहाली और धान खरीदी व्यवस्था की गंभीर खामियों को लेकर कांग्रेस ने सीधा मोर्चा खोल दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी नई दिल्ली, प्रदेश कांग्रेस कमेटी रायपुर एवं जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के दिशा-निर्देश में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत 30 जनवरी 2026 को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
यह धरना प्रदर्शन ग्राम लाटाबोड़ में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के बाजू दोपहर 01 बजे से आयोजित होगा। आंदोलन के दौरान जिले में लचर धान खरीदी व्यवस्था, किसानों को हो रही भारी परेशानियों तथा धान खरीदी की तारीख आगे बढ़ाने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में संजारी-बालोद विधानसभा की विधायक संगीता सिन्हा एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में कहा है कि किसानों और मनरेगा मजदूरों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि जिले में मनरेगा के तहत मजदूरों को न तो समय पर काम दिया जा रहा है और न ही मजदूरी, वहीं धान खरीदी की अव्यवस्थित व्यवस्था के चलते किसान घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। सरकार की उदासीन नीतियों के खिलाफ यह धरना प्रदर्शन निर्णायक संघर्ष का संकेत है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा ने बताया कि यह एक दिवसीय धरना प्रदर्शन 30 जनवरी 2026 को दोपहर 01 बजे ग्राम लाटाबोड़ में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों और मजदूरों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई अधिकारों और सम्मान की है।

You cannot copy content of this page