पहली बार वनांचल बरहीपारा में प्रभात फेरी से जगी देशभक्ति
26 जनवरी पर गली-गली तिरंगा, पालक-ग्रामीण जुड़े राष्ट्रीय पर्व से, बना प्रेरणादायी उदाहरण
बालोद। वनांचल ग्राम बरहीपारा में इस वर्ष गणतंत्र दिवस का आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि इतिहास रचने वाला प्रयास साबित हुआ। राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षिका पुष्पलता साहू की दूरदर्शी सोच और अथक प्रयासों से ग्राम में पहली बार प्रभात फेरी एवं गली-भ्रमण आयोजित कर ग्रामीणों को देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता से जोड़ा गया। यह अपने आप में एक अनूठी और ऐतिहासिक पहल रही, क्योंकि इससे पहले इस वनांचल क्षेत्र में कभी भी 26 जनवरी के अवसर पर गली-गली भ्रमण कर पालकों और ग्रामीणों को सीधे राष्ट्रीय पर्व से जोड़ने का प्रयास नहीं हुआ था। शिक्षिका पुष्पलता साहू के नेतृत्व में 26 जनवरी की सुबह ग्राम में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बच्चों, महिलाओं, पालकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, संविधान और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया। ग्राम के चौक-चौराहों पर तिरंगा फहराया गया। झंडा पूजा में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। शिक्षिका द्वारा ग्रामीणों को तिरंगा झंडा वितरित कर गणतंत्र दिवस के महत्व को सरल शब्दों में समझाया गया और इसे हर वर्ष पूरे उत्साह से मनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस गरिमामय कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम बरही की सरपंच श्रीमती ममता सिन्हा,
खोलडोंगरी के महराज, भारतीय संस्कृति ज्ञान प्रभारी श्री शंकर साहू
एवं श्री डोमेश गजेंद्र की उपस्थिति रही। राष्ट्रीय एकता के इस अभिनव और प्रेरणादायी प्रयास से प्रसन्न होकर खोलडोंगरी के महराज ने शाला को ₹1101, ग्रामीणों ने ₹1061 की सहयोग राशि प्रदान की। वहीं सरपंच द्वारा माइक बॉक्स, समयाना तथा ₹200 नगद सहयोग दिया गया। साथ ही शिक्षिका पुष्पलता साहू ने भी ICT के अंतर्गत शाला को साउंड बॉक्स एवं माइक प्रदान कर शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को और सशक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षा में A-ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं शाला की साफ-सफाई में श्रमदान करने वाली माताओं को श्रीफल भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। शिक्षिका के प्रयास से माध्यमिक शाला के शिक्षक श्री अठभैय्या सर द्वारा A-ग्रेड प्राप्त विद्यार्थियों को शाला तक लाने में सहयोग दिया गया।
संस्था प्रधान जोसेफ मैडम द्वारा शाला प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया। इस प्रकार वनांचल ग्राम बरहीपारा में गणतंत्र दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति, एकता और जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया, जिसमें शिक्षिका पुष्पलता साहू की भूमिका केंद्रीय और प्रेरणादायी रही।
