धर्म रक्षा निधि संकलन को लेकर विहिप सक्रिय, जिलेभर में पहुंचेंगे कार्यकर्ता



बालोद। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) बालोद जिला संगठन की शहर कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्कार शाला भवन में आयोजित की गई। बैठक में आगामी जिला बैठक, संगठन विस्तार तथा प्रांत संगठन के निर्देशानुसार जिले के सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही धर्म रक्षा निधि संकलन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि बालोद जिले के पांचों विकासखंडों सहित दो शहर इकाइयों में विहिप के मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता हिंदू समाज के बीच पहुंचकर संगठन के लिए निधि एकत्र करेंगे।

जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता ने बताया कि विहिप बालोद द्वारा सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल मंत्र के साथ हिंदुत्व की मजबूती के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। समाज में धर्मांतरण, मतांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए संसाधनों की आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से धर्म रक्षा निधि का संकलन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा राम जन्मोत्सव, बलिदान दिवस, गोपाष्टमी, दुर्गाष्टमी, मकर संक्रांति, कृष्ण जन्माष्टमी, गीता जयंती जैसे बड़े वार्षिक आयोजन किए जाते हैं। इसके साथ ही सेवा कार्यों के अंतर्गत वृद्धाश्रमों में सत्संग, फल वितरण तथा जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी वितरण जैसे कार्य भी नियमित रूप से किए जाते हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि बालोद संगठन द्वारा आत्मरक्षा शिविरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लगभग 350 बेटियों को तलवार, दंड सहित बंदूक चलाने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आगामी समय में मातृशक्ति संगठन एवं बजरंग दल का जिलास्तरीय वर्ग आयोजित किया जाएगा।

बैठक में जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष राजेश सोनी, सह मंत्री उमेश सेन, बोधन भट्ट, जिला संस्कार शाला प्रमुख पूजा जैन, जिला विधिक संयोजक सेवन साहू, जिला सह संयोजिका विधि विभाग संगीता शर्मा, वर्षा साहू सहित भगवती सिन्हा, किशन लाल साहू, मनोज कुमार साहू एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page