बालोद। गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम कमरौद स्थित प्रसिद्ध भूमिफोड़ दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात को लेकर मंगलवार को एक अहम अपडेट सामने आया है। चोरी किए गए चांदी के कुछ आभूषण—जिसमें भगवान हनुमान के सीने में लगा आभूषण और झूमर का हिस्सा शामिल है—मंदिर से कुछ दूरी पर एक खेत के पास पैरावट (फसल अवशेष) में छुपाकर रखे गए मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि चोर हड़बड़ी में ये आभूषण वहीं छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4 बजे ग्राम निवासी भीमा यादव मवेशी चराते हुए खेत की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पैरावट के पास पड़ी एक बोरी पर गई, जिस पर बंदन का कलर लगा हुआ था। संदेह होने पर जब उन्होंने बोरी खोलकर देखा तो उसमें चांदी के आभूषण भरे हुए थे। इसकी सूचना तत्काल ग्रामीणों द्वारा गुण्डरदेही पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में बरामद आभूषणों का वजन करीब 224 ग्राम चांदी पाया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि ये आभूषण उसी चोरी की घटना से जुड़े हैं, जो रविवार–सोमवार की दरम्यानी रात मंदिर में हुई थी। बरामदगी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों तक पहुंचने में अब महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
गौरतलब है कि उक्त मंदिर में डेढ़ साल में दूसरी बार चोरी की वारदात हुई है। इससे पहले जून 2024 में भी इसी तरह चांदी के आभूषण चोरी हुए थे, जिनका खुलासा अब तक नहीं हो सका है। लगातार दूसरी चोरी से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
मंदिर के पुजारी दुर्गा प्रसाद पांडे ने बताया कि सोमवार सुबह पूजा के समय मंदिर का ताला टूटा मिला और मूर्ति से चांदी के आभूषण गायब थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम, साइबर सेल और डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया गया। डॉग स्क्वायड मंदिर परिसर से सुराग लेते हुए स्कूल गेट तक पहुंचा, लेकिन आगे कोई ठोस कड़ी नहीं मिल सकी।
चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ लिए, हालांकि डीवीआर सुरक्षित मिला, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसमें कोई फुटेज नहीं मिला। इसी तकनीकी खामी को लेकर मंदिर समिति के कुछ लोगों पर भी संदेह जताया जा रहा है।

चर्चा है कि कैमरों की खराबी की जानकारी पहले से होने के बावजूद समय पर सुधार नहीं कराया गया। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अंदरूनी व्यक्ति द्वारा जानकारी लीक तो नहीं की गई।

पुलिस का मानना है कि इस चोरी की वारदात में दो से तीन आरोपी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल बरामद आभूषणों की विधिवत जब्ती कर ली गई है और अन्य चोरी गए आभूषणों की तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही अज्ञात चोरों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
