DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“निरंतर योग–घर घर योग” अभियान के तहत शासकीय हाई स्कूल संबलपुर में एक दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का आयोजन

डौण्डी लोहारा। “योग है स्वास्थ्य के लिए लाभकारी और रोगमुक्त जीवन के लिए गुणकारी” — यह उद्गार राज्यपाल पुरस्कृत प्राचार्य दयालूराम पिकेश्वर ने शासकीय हाई स्कूल संबलपुर में आयोजित एक दिवसीय निःशुल्क योग शिविर के दौरान व्यक्त किए। यह शिविर निरंतर योग–घर घर योग, अंतिम व्यक्ति तक योग अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र–छात्राओं ने सहभागिता की।
प्राचार्य दयालूराम पिकेश्वर ने विद्यार्थियों को योग का महत्व बताते हुए कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। योग तनाव को कम करता है, लचीलापन बढ़ाता है, एकाग्रता में सुधार लाता है तथा शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ व खुशहाल जीवन जीने में सहायक है। नियमित योग अभ्यास से बीमारियों से बचाव होता है और आंतरिक शांति प्राप्त होती है।
योग शिविर का संचालन योगाचार्य तीरथ कुमार अटल द्वारा किया गया, जो निरंतर विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क योग शिविर लगाकर योग को जन–जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अंडी, डौण्डी लोहारा, धनगांव, संबलपुर, कसही, मढ़ियाकट्टा, भीमाटोला, खोलझर, कुसुमकसा, उरेटा, भीमकन्हार, गारका, आलीखूटा, नर्मदा धाम, सुरसूली, देवरी बंगला, अछोली, नारगी, बिजोरा, कोचेरा, कसहीकला, बुंदेली, झिटिया, सिंगारपुर, कोटेरा, मनौद, बड़गांव, झलमला, देवारभाट, सिंघोला, दल्ली राजहरा, बाघमारा सहित जिला केंद्रीय जेल बालोद में भी योग शिविर आयोजित किए हैं।
कोरोना काल के दौरान 17 मई 2021 से ऑनलाइन माध्यम से जूम ऐप द्वारा मुंबई, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बस्तर, रायगढ़, कोरबा, धमतरी, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई, रायपुर और कांकेर सहित दूरस्थ क्षेत्रों के लाखों लोगों ने योग का लाभ लिया है। संगठन का उद्देश्य निरंतर योग को घर-घर और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
शिविर में सूक्ष्म व्यायाम, योगिंग–जॉगिंग, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, मर्कटासन, हलासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन, शलभासन, सूर्य नमस्कार सहित प्राणायाम—भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम–विलोम, सिंहासन, हास्यासन का अभ्यास कराया गया। साथ ही खान–पान, रहन–सहन और नैतिक शिक्षा पर विशेष चर्चा कर बच्चों का ध्यान योग की ओर आकर्षित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता वाय. पी. आर्य, आर. के. यादव, रीता चौरसिया, प्रीति साहू, मनीषा बेर, ललिता चौधरी साहू सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

You cannot copy content of this page