गुरुर। सूर्रा गांव के ग्रामीणों के लिए गुरुर स्थित देशी शराब दुकान से खरीदी गई शराब ने सचमुच झटका दिया। पौवा शीशी खोलते ही शराब के अंदर मरी हुई मकड़ी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में आक्रोश और नाराजगी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सूर्रा गांव के लोग शराब खरीदकर लौट रहे थे और तभी उन्होंने बोतल में मकड़ी देखी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि शराब की बोतल के अंदर मकड़ी मौजूद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई उपभोक्ता इस दूषित शराब का सेवन करता, तो गंभीर स्वास्थ्य संकट हो सकता था। उन्होंने इसे केवल लापरवाही नहीं, बल्कि मिलावट की आशंका बताया। इस घटना के बाद आबकारी विभाग और शराब दुकान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों ने आबकारी विभाग से तत्काल जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और शराब दुकानों की नियमित निगरानी की मांग की है। चेतावनी भी दी गई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
गुरुर देशी शराब दुकान की शराब में निकली मकड़ी, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप – आबकारी विभाग पर उठे गंभीर सवाल
